खास बातें
- पिछले माह के रुख के उलट विदेशी कोषों ने मार्च में भारतीय शेयरों और बॉन्डों में 3,520 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
नई दिल्ली: पिछले माह के रुख के उलट विदेशी कोषों ने मार्च में भारतीय शेयरों और बॉन्डों में 3,520 करोड़ रुपये का निवेश किया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड :सेबी: के आंकड़ों के अनुसार, मार्च में आठ कारोबारी सत्रों में विदेशी संस्थागत निवेशकों :एफआईआई: ने शेयरों और बॉन्डों में 3,520.20 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस तरह 2011 में एफआईआई का शुद्ध प्रवाह 5,614.30 करोड़ रुपये का हो गया है। फरवरी में विदेशी संस्थागत निवेशकों ने घरेलू बाजारों से शुद्ध 3,269.80 करोड़ रुपये की निकासी की थी। विश्लेषकों का कहना है कि 2011-12 के बजट में सकारात्मक संकेतों के बाद एफआईआई का प्रवाह बढ़ा है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभी भी पश्चिम एशिया संकट जैसी कुछ अनिश्चितताएं कायम हैं। इसके अलावा वैश्विक स्तर पर जिंसों के दाम में वृद्धि तथा कच्चे तेल के दाम कई और कारण हैं जिनकी वजह से विदेशी निवेशक उभरते बाजारों में निवेश से कतरा रहे हैं। विदेशी निवेशकों ने अभी तक इस माह शेयरों की 1,843.90 करोड़ रुपये की सकल खरीद की है। वहीं उन्होंने ऋण बाजार में 1,676.30 करोड़ रुपये का निवेश किया। इस तरह माह के दौरान उनका शुद्ध निवेश 3,520.20 करोड़ रुपये रहा।