ईपीएफओ 6 अगस्त को ईटीएफ में निवेश के साथ शेयर बाजार में रखेगा कदम

ईपीएफओ 6 अगस्त को ईटीएफ में निवेश के साथ शेयर बाजार में रखेगा कदम

प्रतीकात्मक चित्र

नई दिल्ली:

ईपीएफओ शेयर बाजार में निवेश की शुरुआत 6 अगस्त को करेगा। चालू वित्त वर्ष के दौरान यह भविष्य निधि कोष संगठन 5,000 करोड़ रुपये की शुरआती पूंजी के साथ ईटीएफ में निवेश करेगा।

ईपीएफओ के केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त केके जालान ने ऐसोचैम के सम्मेलन में कहा, हम मुंबई में 6 अगस्त को इक्विटी बाजार में अपना पहला निवेश कर रहे हैं। श्रम मंत्री (बंडारू दत्तात्रेय) इससे जुड़े समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

श्रम मंत्रालय ने अप्रैल में कर्मचारी भविष्य निधि कोष संगठन (ईपीएफओ) के लिए नए निवेश पैटर्न की अधिसूचना जारी की थी और जिसमें संगठन को इक्विटी और इक्विटी से जुड़ी योजनाओं में अपने कोष के न्यूनतम पांच प्रतिशत और अधिकतम 15 प्रतिशत हिस्से के निवेश की अनुमति दी गई है।

हालांकि, ईपीएफओ प्रबंधन ने चालू वित्त वर्ष के दौरान अपनी वृद्धिपरक जमा का पांच प्रतिशत केवल ईटीएफ में निवेश करने का फैसला किया है।

निवेश के आकार के संबंध में जालान ने कहा, मुझे भी नहीं पता। यह बाजार पर निर्भर करेगा। वित्त मंत्रालय के मानदंडों के मुताबिक हम हर माह बढ़ने वाली राशि का 15 प्रतिशत तक निवेश कर सकते हैं, लेकिन सीबीटी (केंद्रीय न्यासी बोर्ड) ने शुरुआत में हमें इसके पांच प्रतिशत के निवेश की ही मंजूरी दी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

अप्रैल से जून की अवधि में ईपीएफओ का मासिक वृद्धि परक जमा करीब 8,200 करोड़ रुपये है। इसलिए संगठन के पास हर महीने निवेश के लिए करीब 410 करोड़ रुपये होंगे।