खास बातें
- भारत में कॉल सेंटरों में मौजूद हजारों ब्रिटिश ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड की जानकारियां भारत में काफी कम पैसे लेकर बेची गईं।
लंदन: भारत में कॉल सेंटरों में मौजूद हजारों ब्रिटिश ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड की जानकारियां भारत में काफी कम पैसे लेकर बेची गईं। एक समाचार पत्र द्वारा किए गए स्टिंग आपरेशन में यह तथ्य सामने आया है। द सन ने स्टिंग आपरेशन की जानकारियां प्रकाशित की हैं। इसके अनुसार दीपक चुफाल नाम के एक व्यक्ति ने ब्रिटिश ग्राहकों के बैंक खाते, पते तथा अन्य निजी जानकारियों को उपलब्ध कराने की बात कही है। इस रपट के बाद भारत में डाटा संरक्षण कानून को लेकर एक बार फिर से सवाल खड़ा हो गया है और यह मांग उठने लगी है कि ब्रिटिश कंपनियां कॉल सेंटरों को ब्रिटेन वापस लेकर जाएं। गंभीर संगठित अपराध एजेंसी (सोका) ने सन की इस रपट कि गुड़गांव और मुंबई में इस तरह के संवेदनशील आंकड़े बेचे जा रहे हैं, जांच शुरू की है। इस आंकड़े का इस्तेमाल ब्रिटिश ग्राहकों के खातों से धन निकालने में हो सकता है। ब्रिटेन की धोखाधड़ीरोधक सेवाएं सीफास कम्युनिकेशंस के प्रबंधक रिचर्ड हर्ले ने कहा, यह खुलासा धमाकेदार है। यह सचेत होने का समय है। सुरक्षा प्रक्रिया को मजबूत करने तथा कर्मचारियों की छानबीन करने की जरूरत है। सन की टीम ने एक डीलर से 250 पौंड में 1,000 ब्रिटिश ग्राहकों की जानकारी खरीदी।