खास बातें
- ... वैसे एजेंसी ने न्यायालय में कहा है कि वह अंबानी की भूमिका की अब भी जांच कर रही है।
नई दिल्ली: 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले की जांच कर रही एजेंसी सीबीआई ने रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी (आरएडीएजी) के चेयरमैन अनिल अंबानी को विभिन्न कंपनियों के पुनर्गठन और स्पेक्ट्रम हासिल करने वाली एक कंपनी स्वान टेलीकाम को हस्तांतरित किए गए धन के मामले में बेदाग बताया है। वैसे एजेंसी ने न्यायालय में कहा है कि वह अंबानी की भूमिका की अब भी जांच कर रही है। सीबीआई ने जांच की प्रगति के बारे में 29 सितंबर को उच्चतम न्यायालय में प्रस्तुत स्थिति-पत्र में कहा है, जांच में ऐसा कोई मौखिक या लिखित सबूत नहीं मिला है जिससे लगता हो कि विभिन्न कंपनियों के पुनर्गठन और धन के हस्तांतरण में अनिल अंबानी संलिप्त हैं। सीबीआई ने यह जवाब इस मामले में याचिका दायर करने वाले वकील प्रशांत भूषण की ओर से अदालत में दिए गए एक पत्र के जवाब में दिया है। सीबीआई ने कहा है कि याचिकाकर्ता ने इस पत्र में उसकी जांच की निष्पक्षता और ईमानदारी के बारे में गलत राय पैदा करने की कोशिश की है।