यह ख़बर 16 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

टाटा मोटर्स और मारुति ने घटाया उत्पादन

खास बातें

  • वाहन बाजार में गिरावट के संकेतों के बीच टाटा मोटर्स तथा मारुति सुजूकी ने उत्पादन घटा दिया और कार कंपनियों की उम्मीद अब नए मॉडलों पर लगी हैं।
नई दिल्ली:

घरेलू वाहन बाजार में गिरावट के संकेतों के बीच टाटा मोटर्स तथा मारुति सुजूकी ने उत्पादन घटा दिया है और कार कंपनियों की उम्मीद अब नए मॉडलों पर लगी हैं। मारुति सुजूकी स्विफ्ट का नया संस्करण पेश करने वाली है इसके अलावा होंडा की नई जैज तथा ब्रियो, फाक्सवैगन की जेट्टा आने वाली है। जनरल मोटर्स ने बीट का डीजल संस्करण हाल ही में पेश किया है। कार कंपनियों को उम्मीद है कि ये कारें, वाहन बाजार को संबल देंगी। टाटा मोटर्स के प्रवक्ता ने कहा, 'हमारा उत्पादन मांग के अनुसार ही है। हम कंपनी तथा डीलर के स्तर पर स्टॉक को संतुलित बनाए रखने को ध्यान में रख रहे हैं।' उन्होंने साथ ही कहा कि अगर उत्पादन में समायोजन की जरूरत पड़ी है तो कंपनी ने किया है। इस समय मांग में कमी है लेकिन उन्होंने कटौती का ब्यौरा नहीं दिया। इस बार जुलाई में टाटा मोटर्स ने पिछले साल के इसी माह की तुलना में उत्पादन 26.96 प्रतिशत घटाकर 19,985 किया। कंपनी की घरेलू कार ब्रिकी भी 43.13 प्रतिशत घटकर 13,997 वाहन रही। मारति सुजूकी इंडिया ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह इस माह अपने अधिकांश मॉडलों का उत्पादन पांच प्रतिशत घटा रही है। यह फैसला उसने घरेलू मांग में कमी को देखते हुए किया है। मारुति सुजूकी का उत्पादन जुलाई माह में 21.08 प्रतिशत घटकर 72,587 इकाई रहा। यह कमी मुख्यत: स्विफ्ट का उत्पादन रोक देने के कारण आया। आलोच्य माह में कंपनी की घरेलू ब्रिकी भी 31.04 प्रतिशत घटकर 52,483 वाहन रही।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com