यह ख़बर 26 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बिकवाली के दबाव से सेंसेक्स 16 हजार से नीचे

खास बातें

  • मंदी की आशंका के बीच वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के चलते बाजार दबाव में रहे और सेंसेक्स 297 अंक टूटकर 16,000 के स्तर से नीचे बंद हुआ।
Mumbai:

दुनिया भर में आर्थिक मंदी की आशंका के बीच वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के चलते स्थानीय शेयर बाजार दबाव में रहे और बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 297 अंक टूटकर 16,000 के स्तर से नीचे बंद हुआ। पिछले दो कारोबारी सत्रों में 352 अंक गंवाने वाला सेंसेक्स शुक्रवार को और 297.50 अंक टूटकर 15,848.83 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने इससे पहले यह स्तर पिछले साल 10 फरवरी को देखा था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 91.80 अंक की गिरावट के साथ 4,800 अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे आ गया और 4,747.80 अंक पर बंद हुआ। इस सप्ताह सेंसेक्स में करीब 0.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और इस तरह से लगातार पांचवें सप्ताह भी सेंसेक्स में गिरावट जारी रही। विदेशी निवेशकों की चौतरफा बिकवाली से एक समय सेंसेक्स दिन के निचले स्तर 15,765.53 अंक पर आ गया था। सेंसेक्स में सबसे अधिक भारांश रखने वाली आरआईएल का शेयर 4.61 प्रतिशत तक टूटकर 719.50 रुपये पर बंद हुआ, जबकि डीएलएफ 5.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 175.85 रुपये पर बंद हुआ। बाजार की गिरावट में सबसे अधिक योगदान रीयल्टी, धातु, तेल एवं गैस, बैंक और उपभोक्ता टिकाऊ सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों का रहा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com