यह ख़बर 29 जून, 2013 को प्रकाशित हुई थी

साल के अंत तक तीन विमानों से सेवा की शुरुआत कर सकती है एयर एशिया

खास बातें

  • मलेशिया की सस्ती विमानन सेवा देने वाली एयर एशिया तीन विमानों के साथ इस साल के आखिर तक दक्षिण भारत से विमान सेवा शुरू कर सकती है। कंपनी देश में विमानन सेवा के साथ-साथ कुछ सहायक कारोबार शुरू करने पर भी विचार कर रही है।
चेन्नई:

मलेशिया की सस्ती विमानन सेवा देने वाली एयर एशिया तीन विमानों के साथ इस साल के आखिर तक दक्षिण भारत से विमान सेवा शुरू कर सकती है। कंपनी देश में विमानन सेवा के साथ-साथ कुछ सहायक कारोबार शुरू करने पर भी विचार कर रही है।

एयर एशिया समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी टोनी फर्नांडिस ने कहा, ‘‘हम साल के आखिरी तक भारतीय परिचालन शुरू करने की उम्मीद कर रहे हैं। शुरू में कामकाज तीन विमानों के साथ दक्षिण भारत से शुरू किया जाएगा।’’

एयर एशिया ने टाटा सन्स और अरण भाटिया की टेलेस्ट्रा ट्रेडप्लेस के साथ मिलकर एक संयुक्त उद्यम बनाया जिसमें एयर एशिया की 49 प्रतिशत और टाटा सन्स की 30 प्रतिशत तथा टेलेस्ट्रा की 21 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

फर्नांडिस ने चेन्नई पहुंचने पर कहा, हमें अभी तक मंजूरी नहीं मिली है लेकिन फिर भी मुझे विश्वास है कि हम इस साल इसे शुर कर सकते हैं। सितंबर कहना कुछ जल्दबाजी होगा। मैं कोई तिथि नहीं तय कर रहा हूं। वास्तव में यह नियामक के हाथ में है कि हमें सभी मंजूरियां प्राप्त हों। फिलहाल हम अनापत्ति प्रमाणपत्र पाने की स्थिति में हैं। यह हमें अभी नहीं मिला है। यह गृहमंत्रालय के पास है।  

उन्होंने कहा, हम तीन विमानों के साथ शुरुआत करेंगे। हम गंतव्यों के बारे में अभी नहीं कहेंगे। लेकिन जल्दबाजी में यदि नजर डाली जाये तो यह तिरचिरापल्ली हो सकता है। क्वालाल्म्पुर से तिरचिरापल्ली के बीच कभी कोई उड़ान सेवा नहीं रही।

संयुक्त उद्यम में टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष रतन टाटा को शामिल किए जाने के बारे में पूछने पर फर्नांडिस ने कहा, वह (टाटा) भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया में एक बहुत सम्मानित व्यवसायी है। वह काफी विनम्र और सरल स्वभाव के हैं। वे हमारी संस्कृति के अनुकूल हैं।

फर्नांडिस ने कहा एयर एशिया देश में हवाई यात्रा बीमा तथा शुल्क मुक्त स्टोर खोलने जैसे सहायक कारोबार भी शुरू करने पर विचार कर रही है।

यह पूछे जाने पर कि उन्होंने एयरलाइंस के संचालन के लिए चेन्नई को आधार क्यों चुना। जवाब में उनहोंने कहा कि दक्षिणी क्षेत्र में काफी अवसर उपलब्ध हैं। ‘‘मैं दक्षिण को पसंद करता हूं। दक्षिण महान है। यहां लाखों लोग हैं और बेहतर पर्यटन तथा व्यावसाय की संभावनायें हैं।’’

कंपनी टाटा तथा टेलेस्ट्रा ट्रेडप्लेस के साथ संयुक्त उद्यम बनाकर भारत में विमानन क्षेत्र में परिचालन शुरू कर रही है। उसने भारतीय परिचालन के लिए पहले ही मजबूत टीम का गठन किया है। टीसीएस के पूर्व प्रमुख एस रामादोरई को कंपनी का चेयरमैन तथा शीर्ष उद्योगपति रतन टाटा को एयर एशिया इंडिया के निदेशक मंडल का मुख्य सलाहकार नामित किया गया है।

इसके अलावा रतन टाटा के पूर्व कार्यकारी सहायक आर वेंकटरमन तथा टाटा समूह के मुख्य अधिवक्ता भारत वासानी कंपनी के निदेशक मंडल में शामिल हैं।

बोर्ड में एयर एशिया का प्रतिनिधित्व टोनी फर्नांडिस तथा कमरूद्दीन बिन मेरानू करेगे। पिछले महीने फर्नांडीस ने मिट्टू चांडिल्य को एयर एशिया इंडिया का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

ऐसी संभावना है कि एयर एशिया भारतीय विमानन बाजार में किफायती दर पर सेवा के जरिये प्रतिस्पर्धा लाएगी।