यह ख़बर 02 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

भारती एयरटेल का तिमाही लाभ 28 प्रतिशत गिरा

खास बातें

  • भारती एयरटेल ने वर्ष 2011-12 की चौथी तिमाही में 1,006 करोड़ रुपये का लाभ दिखाया है जो इससे पिछले वर्ष की समीक्षाधीन तिमाही से 28.19 प्रतिशत कम है।
नई दिल्ली:

दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने वर्ष 2011-12 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में 1,006 करोड़ रुपये का लाभ दिखाया है जो इससे पिछले वर्ष की समीक्षाधीन तिमाही से 28.19 प्रतिशत कम है।

कंपनी को 3-जी लाइसेंस की फीस, ब्याज और कर के ऊंचे प्रावधान तथा विदेशी विनिमय दर में उतार-चढ़ाव के कारण हानि के कारण में लाभ में गिरावट देखनी पड़ी। वर्ष 2010-11 में इस दौरान शुद्ध लाभ 1,401 करोड़ रुपये था। आलोच्य तिमाही में इस बार कंपनी की आय 15 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 18,729 करोड़ हो गई।

कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुनील भारती मित्तल ने कहा कि वह कंपनी के ग्राहकों की संख्या में वृद्धि से खुश हैं। 20 देशों में सेवा दे रहे भारतीय एयरटेल समूह के ग्राहकों की संख्या 25 करोड़ से ऊपर हो गई है। उन्होंने ब्रॉडबैंड सेवा के विस्तार के प्रति प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा कि 4-जी सेवा की शुरुआत इसका प्रमाण है।

भारती एयरटेल ने वर्ष 2011-12 की सम्पूर्ण अवधि में 71,451 करोड़ रुपये का कारोबार कर 4,259 करोड़ रुपये का लाभ कमाया। कंपनी की वार्षिक आय में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई पर शुद्ध लाभ 29.6 प्रतिशत घट गया। एक साल पहले लाभ 6,047 करोड़ रुपये और आय 59,538 करोड़ रुपये था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कंपनी के एक बयान के मुताबिक जनवरी मार्च तिमाही में कंपनी को लाइसेंस शुल्क के लिए 106 करोड़ रुपये, 3जी स्पेक्ट्रम लागत के पर 84 करोड़, विदेशी विनिमय के कारण हानि पर 132 करोड़ रुपये और कर के मद में 198 करोड़ रुपये का प्रावधान करना पड़ा।