खास बातें
- वैश्विक बाजारों में गिरावट के रुख के बीच निवेशकों की मुनाफा वसूली से घरेलू शेयर बाजारों में पिछले दो दिन से जारी तेजी थम गई।
मुंबई: अमेरिकी अर्थव्यवस्था में नरमी के संकेत और वैश्विक बाजारों में गिरावट के रुख के बीच निवेशकों की मुनाफा वसूली से घरेलू शेयर बाजारों में पिछले दो दिन से जारी तेजी थम गई और बंबई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 114 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। हालांकि, खाद्य वस्तुओं की मुद्रास्फीति में नरमी ने बाजार को और गिरने से संभाल लिया। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 114.63 अंक टूटकर 18,494.18 अंक पर बंद हुआ। पिछले दो दिनों में सेंसेक्स 376 अंक मजबूत हुआ था। इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 41.65 अंक की गिरावट के साथ 5,550.35 अंक पर बंद हुआ। ब्रोकरों ने कहा कि तीन दिन में पहली बार एशियाई बाजारों में नरमी आने से घरेलू शेयर बाजार में धारणा कमजोर हो गई। बुधवार को विनिर्माण क्षेत्र के निराशाजनक प्रदर्शन और रोजगार के कमजोर आंकड़े जारी किए गए जिससे विश्वभर के शेयर बाजारों में नरमी आई। मुनाफा वसूली की मार सबसे अधिक बैंकिंग शेयरों पर पड़ी। धातु और वाहन कंपनियों के शेयर भी मुनाफा वसूली से नहीं बच सके। हालांकि, आरआईएल, एचयूएल, आईटीसी और बजाज ऑटो ने बाजार को संभाला।