खास बातें
- महंगाई के कारण ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका तथा कमजोर वैश्विक संकेतों से बंबई शेयर बाजार ने शुरुआती लाभ गंवा दिया।
मुंबई: महंगाई के कारण ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका तथा कमजोर वैश्विक संकेतों से बंबई शेयर बाजार ने शुरुआती लाभ गंवा दिया और सेंसेक्स 109 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 187 अंक की बढ़त के साथ 17,035.49 अंक पर पहुंच गया। कारोबार के अंत में यह 108.69 अंक की गिरावट के साथ 16,730.94 अंक पर आ गया। जुलाई माह में भी महंगाई दर का आंकड़ा 9 प्रतिशत से ऊपर बना हुआ है, जिसके मद्देनजर इस बात की आशंका है कि भारतीय रिजर्व बैंक नीतिगत दरों में एक और वृद्धि कर सकता है। इसी के अनुरूप नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 37.15 अंक की गिरावट के साथ 5,035.80 अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 5,132.20 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। धातु, रीयल्टी, बैंक और तेल एवं गैस क्षेत्रों के शेयरों में गिरावट रही। जर्मनी के कमजोर वृद्धि आंकड़ों से वैश्विक बाजार भी कमजोर थे। तोक्यो को छोड़कर अन्य एशियाई बाजार गिरावट के रुख के साथ बंद हुए। हालांकि, आईटी, प्रौद्योगिकी और एफएमसीजी शेयरों में तेजी से सेंसेक्स की गिरावट कुछ कम हो गई। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) द्वारा ब्लूचिप कंपनी डीएलएफ पर अपनी मजबूत बाजार स्थिति का फायदा उठाने के मामले में 600 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इससे रीयल्टी क्षेत्र के शेयरों में जोरदार गिरावट आई। धातु वर्ग का सूचकांक 1.96 प्रतिशत नीचे आया, जबकि बैंकिंग सूचकांक में 1.20 फीसद की गिरावट दर्ज हुई। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा भारांश रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 0.24 प्रतिशत लुढ़क गया।