खास बातें
- बीएसई ने जहां ऐसे 1,987 शेयरों की सूची जारी की है, वहीं एनएसई ने 260 शेयरों की सूची जारी की है।
मुंबई: देश के दो प्रमुख शेयर बाजारों बंबई शेयर बाजार (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने कारोबारियों को करीब 2,000 कंपनियों के शेयरों में कारोबार करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। उनके अनुसार इनमें जोखिम स्तर काफी ऊंचा है। हालांकि, इनमें से ज्यादातर कंपनियों की पहचान नहीं है, पर एनएसई ने जो सूची बनाई है उसमें 3एम इंडिया, एरो टेक्सटाइल्स, एस्ट्राजेनेका फार्मा, सेलिब्रिटी फैशन, साइबर मीडिया, ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज, हेरिटेज फूड्स, मुक्ता आर्ट्स, सलोरा इंटरनेशनल और विपुल जैसी कुछ नामी कंपनियों के नाम भी हैं। बीएसई और एनएसई ने अलग-अलग सर्कुलर जारी कर उन शेयरों की सूची पेश की है, जिनमें खरीद-फरोख्त का अभाव है। बाजार कारोबारियों से कहा गया है कि वे इन शेयरों में खुद या अपने ग्राहकों के लिए लेनदेन करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें। इन शेयरों में खरीद-फरोख्त काफी कम पाई गई। ऐसे में निवेशकों के लिए उनका खरीदार ढूंढ़ना काफी मुश्किल हो जाता है। इस तरह के शेयरों में यदि कोई बड़ा सौदा हो जाता है, तो कीमतों में अचानक बड़ा उतार-चढ़ाव आ जाता है। बीएसई ने जहां ऐसे 1,987 शेयरों की सूची जारी की है, वहीं एनएसई ने 260 शेयरों की सूची जारी की है। इनमें से कुछ शेयर ऐसे हैं जिनका कारोबार दोनों शेयर बाजारों में होता है। सेबी ने दोनों एक्सचेंजों को निर्देश दिया है कि वे ऐसे शेयरों की मासिक आधार पर सूची जारी करें।