वैश्विक निवेशक सम्मेलन (Global Investors Summit) 3 और 4 मार्च को आयोजित होने जा रहा है.
नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) के विखाशापत्तनम (Visakhapatnam) में 3 और 4 मार्च को आयोजित होने जा रहे वैश्विक निवेशक सम्मेलन (Global Investors Summit) के लिए राज्य सरकार ने कई जानीमानी हस्तियों को आमंत्रित किया है. इस दो दिवसीय जीआईएस (GIS) में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi), आईफोन बनाने वाली कंपनी एप्पल (Apple) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) टिम कुक, टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk), गूगल (Google) के सीईओ सुंदर पिचाई (Sundar Pichai), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के चेयरमैन एंड सीईओ सत्या नडेला (Satya Nadella) को आमंत्रित किया गया है.
आपको बता दें कि इस वैश्विक निवेशक सम्मेलन में भाग लेने के लिए वाई एस जगन मोहन रेड्डी (Y S Jagan Mohan Reddy) सरकार ने 15 केंद्रीय मंत्रियों, 15 मुख्यमंत्रियों, 44 वैश्विक उद्योगपतियों, 53 भारतीय उद्योगपतियों और विभिन्न देशों के राजदूतों को न्योता दिया है. इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित हस्तियों में अमेजन (Amazon) के कार्यकारी चेयरमैन जेफ बेजोस (Jeff Bezos) और सैमसंग (Samsung) के चेयरमैन एवं सीईओ ओह-ह्यून कोन (Oh-Hyun Kwo) भी शामिल हैं.
इनके अलावा आंध्र प्रदेश सरकार ने मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani), गौतम अडानी (Gautam Adani), आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra), कुमार मंगलम बिड़ला (Kumar Mangalam Birla), आदि गोदरेज (Adi Godrej), रिशाद प्रेमजी (Rishad Premji) और एन चंद्रशेखरन (N Chandrasekaran) को भी आमंत्रित किया है. राज्य के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने कहा कि वैश्विक निवेशक सम्मेलन (Global Investors Summit) का आयोजन भविष्य के लिए तैयारी के उद्देश्य के साथ किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी हस्तियों से उन्होंने अपने व्यवसाय को फलते-फूलते देखने के लिए साथ मिलकर काम करने का आग्राह किया है.
इससे पहले जब मई 2019 में, जगन मोहन रेड्डी सरकार ने सत्ता संभाली थी तो उसके तुरंत बाद एक कार्यक्रम के दौरान विभिन्न देशों से आंध्र प्रदेश राज्य में निवेश की मांग की थी. इसी कड़ी में अब आंध्र प्रदेश सरकार ने हर क्षेत्र में निवेशकों के लिए एक अनुकूल कारोबारी माहौल तैयार करने की घोषणा की है. वैश्विक निवेशक सम्मेलन के तहत राज्य सरकार "एडवांटेज आंध्र प्रदेश" (Advantage Andhra Pradesh) को बड़े पैमाने पर ले जाने मांग की है.