खास बातें
- बैठक में समय से कर्ज चुकाने में एयर इंडिया की ओर से उठ रही समस्याओं और उसके निदान पर विचार किया जाएगा।
नई दिल्ली: सरकारी क्षेत्र की नागरविमान सेवा- एयर इंडिया की शुक्रवार को ऋणदाता बैंकों के साथ मुंबई में बैठक होगी। बैठक में समय से कर्ज चुकाने में एयर इंडिया की ओर से उठ रही समस्याओं और उसके निदान पर विचार किया जाएगा। एयर इंडिया के चेयरमन और प्रबंध निदेशक अरविंद जाधव ने कहा, हमारी बैंकों के समूह के साथ शुक्रवार को बैठक होगी। बैठक में हम ऋण के संबंध में वर्तमान स्थिति तथा उसके पुनर्गठन के उपायों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस एयरलाइन पर 40,000 करोड़ रुपये का ऋण बकाया हो गया है। इसमें से 18,000 करोड़ रुपये का ऋण बैंकों के समूह द्वारा दैनिक कारोबार के लिए लिया गया है। शेष 22,000 करोड़ रुपये का ऋण नये विमानों के ऑर्डर से जुड़ा है। एक सवाल के जवाब में जाधव ने कहा, अगर सरकार ऋण लौटाने का जिम्मा लेती है तब कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन अगर हमें स्वयं ऋण लौटाना पड़ता है तो हमें वित्तीय संस्थानों के साथ मिलकर काम करना होगा।