खास बातें
- मंत्री ने पायलटों को आश्वस्त किया कि यदि वे काम पर लौटते हैं, तो उनको किसी भी तरीके से परेशान नहीं किया जाएगा और साथ ही उनकी समस्याओं पर भी विचार किया जाएगा।
नई दिल्ली: एयर इंडिया में जारी गतिरोध को दूर करने के प्रयास के तहत शुक्रवार को नागरिक उड्डयन मंत्री अजित सिंह ने पहली बार हड़ताली पायलटों से मुलाकात की। मंत्री ने पायलटों को आश्वस्त किया कि यदि वे काम पर लौटते हैं, तो उनको किसी भी तरीके से परेशान नहीं किया जाएगा और साथ ही उनकी समस्याओं पर भी विचार किया जाएगा। एयर इंडिया पायलटों की 18 दिन पुरानी हड़ताल के दौरान पहली बार इंडियन पायलट गिल्ड (आईपीजी) से संबद्ध पांच पायलटों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुख्यालय में अजित सिंह के साथ मुलाकात की। मंत्री और पायलटों के बीच बैठक डेढ़ घंटे चली।
बैठक के अंत में एयर इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रोहित नंदन को भी इसमें शामिल होने के लिए बुलाया गया। बैठक के बाद सिंह ने संवाददाताओं से कहा, हम सरकार के इस रुख पर कायम हैं कि यह हड़ताल गैर-कानूनी है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई है। एयर इंडिया को काफी नुकसान झेलना पड़ा है, ऐसे में उन्हें तत्काल काम पर लौटना चाहिए। यह पूछे जाने पर कि क्या पायलट काम पर लौटने को तैयार हैं, सिंह ने कहा, यह आप उनसे पूछिए। सिंह ने बताया कि उन्होंने संसद में कहा था कि हम प्रतिशोधी कदम नहीं उठाएंगे। उनकी समस्याओं के बारे में जानते हैं। उनमें काफी युवा लोग हैं। वे चिंतित हैं। हम भी इस बात को जानते हैं और चाहते हैं कि वे वापस लौटें। पर इसका निर्णय उन्हें खुद करना है।