खास बातें
- एयर इंडिया प्रबंधन अगले सप्ताह पायलटों के एक समूह द्वारा घोषित हड़ताल को टालने के लिए पूरी कोशिश कर रहा है।
नई दिल्ली/मुम्बई: एयर इंडिया प्रबंधन अगले सप्ताह पायलटों के एक समूह द्वारा घोषित हड़ताल को टालने के लिए पूरी कोशिश कर रहा है। एयर इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि हड़ताल को टालने की पूरी कोशिश की जा रही है। क्योंकि पहले से कठिनाई झेल रही कम्पनी पर इसका बुरा असर पड़ेगा। एक अधिकारी ने कहा कि पुराने इंडियन एयरलाइंस के पायलटों ने 23 फरवरी को 9 मार्च को हड़ताल पर जाने की घोषणा की थी। उल्लेखनीय है कि इंडियन एयरलाइंस का एयर इंडिया में विलय हो चुका है। इंडियन कमर्शियल पायलट्स एसोसिएशन (आईसीपीए) ने एयर इंडिया के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अरविंद जाधव को एक सूचना भेजकर कहा था कि बेहतर कार्यपरिस्थिति, समान वेतन की उनकी मांग पूरी नहीं की जाने के कारण वे हड़ताल पर जाएंगे। आईसीपीए के महासचिव ऋषभ कपूर ने कहा कि उन्होंने नियमों के मुताबिक 14 दिन पहले हड़ताल की सूचना भेज दी है। जाधव ने कर्मचारी के नाम एक खुला पत्र जारी करते हुए कहा है कि कम्पनी अभी वित्तीय कठिनाई से गुजर रही है। साथ ही लीबिया में भारतीय नागरिकों को निकाले जाने की प्रक्रिया जारी है। इसे देखते हुए वे अभी हड़ताल पर न जाएं। उन्होंने कहा कि मुश्किलों से बाहर निकलने के लिए यह मिलकर काम करने का समय है। उन्होंने कर्मचारी संघों को नागरिक उड्डयन मंत्री व्यालार रवि के साथ मुद्दों पर विचार करने के लिए एक स्वतंत्र समिति गठित किए जाने के सुझाव को स्वीकार करने के लिए धन्यवाद दिया।