खास बातें
- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने अमेरिकी निवेश का आह्वान करते हुए कहा कि उनका देश निवेश के लिए श्रेष्ठ व सबसे सुरक्षित स्थान है।
शिकागो: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने भारत में और अधिक अमेरिकी निवेश का आह्वान करते हुए कहा कि उनका देश निवेश के लिए श्रेष्ठ व सबसे सुरक्षित स्थान है। वे यहां अमेरिका-भारत आर्थिक अवसर पर शिखर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे जिसका आयोजन संयुक्त रूप से फिक्की व एक्जीक्यूटिव्स क्लब ऑफ शिकागो ने किया है। शर्मा ने कहा, अगर आप हमारे साथ व्यापार व्यवहार करते हैं, तो हमारा विश्वास करें। हम उचित कानूनी संसाधनों वाला कानून आधारित देश हैं। उन्होंने कहा, हम एफडीआई प्रणाली में और अधिक बदलाव लाने के लिए काम कर रहे हैं ताकि निवेशकों में उम्मीद व विश्वास बनाया जा सके। शर्मा ने कहा कि निवेशक तथा एफडीआई अनुकूल प्रणाली की मदद से भारत 8.5-9 प्रतिशत वृद्धि दर हासिल करने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत दूसरी हरित क्रांति को तैयार है। शर्मा ने कहा कि वे अगली व्यापार नीति के बारे में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रॉन किर्क से विचार-विमर्श करेंगे। डेलायट की एक नई रपट के हवाले से शर्मा ने कहा कि भारत वैश्विक विनिर्माण प्रतिस्पर्धात्मकता सूचकांक में चीन के बाद दूसरे नंबर पर है।