यह ख़बर 12 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

2-जी मामले की जांच में कांग्रेस ने रोड़े डाले : जोशी

खास बातें

  • पीएसी अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने समिति द्वारा 2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन की जांच करने में अवरोध उत्पन्न किए थे।
देहरादून:

भाजपा के वरिष्ठ नेता और लोक लेखा समिति के अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने समिति द्वारा 2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन की जांच करने में अवरोध उत्पन्न किए थे। जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 2-जी स्पेक्ट्रम आवंटन के बारे में मसौदा रिपोर्ट को पेश होने से रोका। जोशी ने जोर दिया कि वह जांच जारी रखेंगे और केंद्र सरकार की अनियमितताओं को उजागर करेंगे। उन्होंने कहा कि जब पीएसी ने विधि सचिव, कैबिनेट सचिव, सीबीआई निदेशक और पूर्व एटॉर्नी जनरल को बुलाने का फैसला किया तब कांग्रेस सांसदों ने इसका विरोध किया। जोशी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस सांसदों ने तब कहा कि उन्हें बुलाने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि संयुक्त संसदीय समिति स्पेक्ट्रम विवाद पर जांच शुरू कर चुकी है। हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के हस्तक्षेप के बाद यह मसला हल हो गया। मीरा ने स्पष्ट किया कि पीएसी और जेपीसी साथ-साथ काम करेंगी। भाजपा नेता ने कहा कि अधिकारियों के बयान उचित तरीके से दर्ज नहीं किया जा सके क्योंकि कांग्रेस के सदस्यों ने जांच में अवरोध पैदा किए। किसी तरह रिपोर्ट पूरी हो गयी लेकिन कांग्रेस ने उसे पेश होने से रोका। उन्होंने कहा कि चूंकि 2-जी मामले में सब कुछ मालूम होकर भी चुप्पी साधे रखने वाले प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री पर शक की सुई जा रही थी, तो कांग्रेस ने रिपोर्ट को खारिज कर दिया। जोशी ने कहा, पीएसी संवैधानिक निकाय है। वे :कांग्रेस सदस्य: रिपोर्ट को कैसे खारिज कर सकते हैं। अगर ऐसा ही हुआ तो कल को वे संसद के बनाये कानूनों और उच्चतम न्यायालय के आदेशों को भी खारिज कर देंगे। उन्होंने कहा, मैं बिना दबाव और डर के इस विषय की जांच जारी रखूंगा और जहां कहीं अनियमितता होगी, सरकार को उजागर करूंगा क्योंकि सार्वजनिक राशि का उपयोग कहां हो रहा है, यह जानना देश के हर नागरिक का अधिकार है। जोशी ने आरोप लगाया कि संप्रग सरकार आजादी के बाद की सबसे भ्रष्ट सरकार है। विदेश नीति के बारे में उन्होंने कहा, हमें यह समझना चाहिये कि अमेरिका कभी कभी पाकिस्तान को धौंस देता है लेकिन वह कभी भी उसका साथ नहीं छोड़ेगा। यहां तक कि चीन ने भी कहा है कि पाकिसतान पर हमले को चीन पर हमला माना जायेगा। लिहाजा, हमें हमारी विदेश नीति और रक्षा नीति इन्हीं तथ्यों के मद्देनजर तैयार करनी चाहिये। कांग्रेस नीत संप्रग सरकार पर भाजपा शासित राज्यों के खिलाफ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए जोशी ने कहा कि इससे देश के संघीय ढ़ांचे को नुकसान पहुंचा है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com