खास बातें
- सरकार ने बताया कि भारत के निर्यात को वर्ष 2014 तक दुगना बढ़ाकर 450 अरब डॉलर करने का लक्ष्य तय किया गया है।
New Delhi: सरकार ने गुरुवार को बताया कि भारत के निर्यात को वर्ष 2014 तक दुगना बढ़ाकर 450 अरब डॉलर करने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही इंजीनियरिंग निर्यात को बढ़ाकर 108 अरब डॉलर करने का लक्ष्य है। वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्यसभा को बताया कि विदेश व्यापार नीति 2009-14 में मार्च 2011 तक निर्यात को बढ़ाकर 200 अरब डॉलर करने और 2014 तक 450 अरब डॉलर करने का लक्ष्य रखा गया है। सिंधिया ने केवीपी रामाचन्द्र राव के सवाल के लिखित जवाब में बताया कि सरकार ने 2014 तक वस्तुओं एवं सेवाओं के निर्यात को बढ़ाकर दुगना करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने मोहम्मद अली खान के सवाल के लिखित जवाब में बताया कि 2013-14 तक इंजीनियरिंग निर्यात को बढ़ाकर 108 अरब डॉलर करने का लक्ष्य किया गया है। सिंधिया ने परिमल नथवानी के सवाल के लिखित जवाब में बताया कि देश में फिलहाल कुल 130 विशेष आर्थिक क्षेत्र निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2010 तक एसईजेड में 195358 करोड़ रूपये का निवेश हो चुका था और उनमें कुल छह लाख 44 हजार 73 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला। मंत्री ने एक अन्य सवाल के जवाब में बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष के पहले नौ महीने में विशेष आर्थिक क्षेत्र से हुए निर्यात की मात्रा 46.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.23 लाख करोड़ रुपए हो गयी।