विज्ञापन

यश की ‘टॉक्सिक’ पर बवाल, नेगेटिव रिव्यू करने वाले यूट्यूबर्स और इंफ्लुएंसर्स को भेजा गया नोटिस, कोर्ट ने दिया बड़ा आदेश

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज के दो दिन बाद ही कानूनी विवाद में घिर गई है. नेगेटिव रिव्यू करने वाले कुछ YouTubers और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को मेकर्स की ओर से लीगल नोटिस भेजे गए हैं.

यश की ‘टॉक्सिक’ पर बवाल, नेगेटिव रिव्यू करने वाले यूट्यूबर्स और इंफ्लुएंसर्स को भेजा गया नोटिस, कोर्ट ने दिया बड़ा आदेश
‘टॉक्सिक’ रिलीज के दो दिन बाद ही कानूनी विवाद में घिर गई है

यश की फिल्म ‘टॉक्सिक' को रिलीज हुए अभी दो दिन ही हुए हैं, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस और रिव्यू के अलावा कानूनी विवाद को लेकर भी चर्चा में है. फिल्म के कुछ नेगेटिव रिव्यू करने वाले YouTubers और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को मेकर्स की ओर से लीगल नोटिस भेजे जाने की खबर है. यूट्यूबर सूरज कुमार ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक नोटिस का स्क्रीनशॉट शेयर किया. यह नोटिस बेंगलुरु की कंपनी ऐप्लेक्स सॉफ्टवेर प्राइवेट लिमिटेड ने KVN-Monster Mind Creations LLP की ओर से भेजा है. फिल्म 26 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है.

नेगेटिव रिव्यू करने वाले यूट्यूबर्स को नोटिस

सूरज कुमार ने सोशल मीडिया पर जो नोटिस शेयर किया, उसमें उनकी ‘टॉक्सिक' की समीक्षा से जुड़े ऑनलाइन कंटेंट का जिक्र है. नोटिस के मुताबिक, फिल्म की टीम ने कुछ ऐसे कंटेंट पर आपत्ति जताई, जिसे डिजिटल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित, शेयर या प्रसारित किया जा रहा था. बताया गया है कि नोटिस में जिस URL का उल्लेख है, वह सूरज द्वारा रिलीज के दिन पोस्ट किए गए ‘टॉक्सिक' के रिव्यू से जुड़ा है. 

हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक नोटिस मिलने के बावजूद उनका वीडियो ऑनलाइन उपलब्ध था. एक अन्य यूट्यूबर प्रशांत रंगास्वामी ने भी X पर लीगल नोटिस मिलने की जानकारी दी. उन्होंने पोस्ट में यश और KVN Productions को टैग करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की.

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को भी मिला नोटिस

यूट्यूबर्स से पहले एक X इन्फ्लुएंसर को भी कथित तौर पर फिल्म पर नेगेटिव रिव्यू पोस्ट करने के कुछ घंटे बाद कानूनी नोटिस मिला था. उन्होंने तमिल भाषा में पोस्ट कर नोटिस भेजे जाने पर सवाल उठाया.

सूरज कुमार द्वारा शेयर किए गए नोटिस के अनुसार, Aiplex को फिल्म से जुड़े ऑनलाइन कंटेंट पर कार्रवाई करने के लिए मेकर्स की ओर से अधिकृत किया गया है. इसमें कानूनी और टेकडाउन नोटिस भेजना, प्लेटफॉर्म से कंटेंट हटाने या ब्लॉक करने का अनुरोध करना और सर्च इंजन समेत दूसरी ऑनलाइन सेवाओं से कार्रवाई की मांग करना शामिल है. नोटिस में यह भी बताया गया है कि Aiplex का अधिकार 13 जुलाई से 26 सितंबर तक है.

बैंगलोर कोर्ट ने 22 अगस्त को दिया था अंतरिम आदेश

यह पूरा मामला मेकर्स के कोर्ट जाने के कुछ दिनों बाद सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अगस्त को बेंगलुरु की एडिशनल सिटी सिविल एंड सेशंस कोर्ट ने फिल्म से संबंधित झूठे या मानहानिकारक कंटेंट के प्रकाशन और प्रसार पर एक्स-पार्टी अस्थायी रोक लगाई थी. यह मामला KVN Productions LLP ने X Corp समेत कई पक्षों के खिलाफ दायर किया था. इसमें उन अज्ञात लोगों के लिए ‘जॉन डो' का भी उल्लेख था, जिनकी पहचान उस समय सामने नहीं आई थी.

कोर्ट का यह आदेश अस्थायी है और अगली सुनवाई 28 सितंबर को होनी है. खास बात यह है कि ऐप्लेक्स का लीगल नोटिस अपने आप में कोर्ट का आदेश नहीं है. यानी नोटिस मिलने का मतलब यह नहीं है कि अदालत ने संबंधित यूट्यूबर को अपना रिव्यू हटाने का आदेश दिया है.

ये भी पढ़ें: यश की ‘टॉक्सिक' पर मचा बवाल, महिलाओं के चित्रण पर के. अन्नामलाई ने उठाए सवाल, CBFC को भी घेरा

गौरतलब है कि ‘टॉक्सिक' का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. फिल्म को KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस LLP ने बनाया है. इसमें यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और अक्षय ओबेरॉय नजर आ रहे हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yash, Toxic, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com