यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी. एडवांस बुकिंग में जबरदस्त रफ्तार दिखाने के बाद फिल्म ने पहले दिन करीब 138.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इस शानदार शुरुआत से उम्मीद जगी थी कि फिल्म छुट्टियों और फेस्टिव सीजन का फायदा उठाकर बॉक्स ऑफिस पर लंबी पारी खेल सकती है. लेकिन शुरुआती कार्यदिवसों में कारोबार में आई तेज गिरावट ने फिल्म की आगे की राह मुश्किल कर दी है. फिल्म कारोबार विशेषज्ञ और जनता सिनेमा के संस्थापक यूसुफ शेख के मुताबिक, फिल्म की शुरुआत बड़ी थी, लेकिन इसके बाद कारोबार में आई गिरावट चिंता पैदा करती है.
वह कहते हैं, “टॉक्सिक की बहुत अच्छी शुरुआत हुई. फिल्म के लिए 100 करोड़ की शुरुआत बहुत बड़ी बात है. यश ने पहले ट्रेलर, कियारा के साथ गाने और बड़े स्तर पर किए गए कैंपेन और होर्डिंग्स के जरिए जबरदस्त उत्साह पैदा किया था. लेकिन यह सिर्फ शुरुआत थी. तीन घंटे से ज्यादा लंबी फिल्म दर्शकों को एक साथ जोड़ नहीं पाई और इसके बाद समीक्षाएं नकारात्मक होने लगीं. आखिरकार गिरावट 60 फीसदी से ज्यादा हो गई.”
यूसुफ शेख आगे कहते हैं, “बुधवार को रिलीज और उसके बाद गुरुवार के कामकाजी दिन की वजह से कुछ गिरावट स्वाभाविक थी, लेकिन 100 करोड़ के स्तर से 40-41 करोड़ तक आ जाना बहुत ज्यादा है. यह दिखाता है कि फिल्म को समीक्षाओं और माउथ पब्लिसिटी का फायदा नहीं मिल रहा है.”
छुट्टियां देंगी राहत, लेकिन शोज में कटौती चिंता की बात
अब ‘टॉक्सिक' के लिए रक्षाबंधन की छुट्टी और वीकेंड बेहद अहम हैं. त्योहार के चलते शुक्रवार को फैमिली ऑडियंस के सिनेमाघरों तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे फिल्म के कारोबार में कुछ सुधार हो सकता है. लेकिन दूसरी ओर कई सिनेमाघरों में फिल्म के शोज कम किए जा रहे हैं, जो इसकी आगे की कमाई के लिए चिंता का संकेत है. यूसुफ शेख कहते हैं, “टॉक्सिक को सबसे बड़ा फायदा शुक्रवार की रक्षाबंधन की छुट्टी से मिल सकता है. यह पूरे देश में बहुत बड़ा त्योहार है और फैमिली ऑडियंस के लिए भी महत्वपूर्ण दिन है. इसलिए शुक्रवार, शनिवार और रविवार फिल्म के लिए अच्छे रह सकते हैं और इसे एक ठीक-ठाक वीकेंड मिल सकता है.”
हालांकि, शोज में कटौती को लेकर वह कहते हैं, “कई थिएटरों ने शो कम कर दिए हैं और दूसरे फिल्मों को शो दिए हैं. यह एक अस्थिर स्थिति है. मल्टीप्लेक्स और सिनेमाघर तब इंतजार नहीं करेंगे, जब किसी फिल्म में इतनी बड़ी गिरावट आ रही हो.”
‘ओडिसी' और ‘हनुमान अंश' ने बढ़ाई चुनौती
‘टॉक्सिक' के सामने सिर्फ अपनी गिरती कमाई की चुनौती नहीं है, बल्कि दूसरी फिल्मों से मिल रही प्रतिस्पर्धा भी मुश्किल बढ़ा रही है. जिन फिल्मों को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, थिएटर उन्हें ज्यादा शो देने में देर नहीं कर रहे हैं. यूसुफ शेख के मुताबिक, “‘ओडिसी' जैसी फिल्में और ‘हनुमान अंश' जैसी छोटी फिल्म अब कई शहरों में 8 से 10 शो पा रही हैं, क्योंकि उनकी माउथ पब्लिसिटी अच्छी है और वे अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं. ऐसे में मल्टीप्लेक्स या सिनेमाघर ‘टॉक्सिक' के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करेंगे.”
इस समय ‘टॉक्सिक' के लिए शुक्रवार से रविवार तक का प्रदर्शन बेहद महत्वपूर्ण है. रक्षाबंधन की छुट्टी फिल्म को शुरुआती गिरावट से उबरने का मौका दे सकती है, लेकिन अगर इन तीन दिनों में कारोबार में अपेक्षित सुधार नहीं आया, तो सोमवार से फिल्म के सामने मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. यूसुफ शेख का मानना है कि “शुक्रवार, शनिवार और रविवार ‘टॉक्सिक' के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं. रविवार आखिरी बड़ा दिन हो सकता है, उसके बाद फिल्म में फिर भारी गिरावट आ सकती है.”
फिलहाल सवाल यह नहीं है कि ‘टॉक्सिक' ने कितनी बड़ी शुरुआत की, बल्कि यह है कि 138.75 करोड़ रुपये की उस ओपनिंग के बाद फिल्म अपने कारोबार को कितनी मजबूती से संभाल पाती है. रक्षाबंधन और वीकेंड उसके लिए बड़ा मौका हैं, लेकिन कमजोर माउथ पब्लिसिटी, शुरुआती गिरावट और घटते शोज ने फिल्म की बॉक्स ऑफिस यात्रा को मुश्किल जरूर बना दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं