इन दिनों 'धुरंधर: द रिवेंज' काफी सुर्खियों में है. इस फिल्म में एक बार फिर से रणवीर सिंह का एक्शन देखने को मिलेगा. 'धुरंधर: द रिवेंज' में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी के अलावा और भी कई नए सितारे नजर आने वाले हैं. उनमें से एक यामी गौतम भी हैं, लेकिन यामी गौतम की 'धुरंधर: द रिवेंज' में स्पेशल कैमियो की खबर ने बॉलीवुड में नेपोटिज्म की बहस को फिर से गरमा दिया है.
यामी गौतम की धुरंधर: द रिवेंज में एंट्री
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यामी गौतम अपनी पति और फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर की इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल में एक एक्शन से भरपूर छोटा लेकिन अहम रोल निभा रही हैं. फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज होने वाली है, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं. यामी ने इस कैमियो के लिए करीब पांच दिन शूटिंग की है. पिंकविला की रिपोर्ट में एक सूत्र ने बताया, “यामी का रोल एक्शन पैक्ड है और कहानी के लिए बहुत जरूरी है. भले ही यह कैमियो हो, लेकिन यह ऐसा हिस्सा है जो दर्शकों को हैरान कर देगा.” यामी और आदित्य धर पहले भी कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम कर चुके हैं, जैसे 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक', 'धूम धाम' और 'आर्टिकल 370'.
Yami Gautam will have a short Cameo in Dhurandhar 2
byu/boxersnifferr inBollyBlindsNGossip
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
यामी गौतम के कैमियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. रेडिट के 'BollyBlindsNGossip' पर शेयर किए एक पोस्ट में लिखा गया था कि यामी 'धुरंधर 2' में छोटा कैमियो करेंगी. एक यूजर ने लिखा, “यह भी नेपोटिज्म का एक प्रकार है. अपनी पत्नी को अपनी फिल्मों में कास्ट करना, यामी के भाई को एडिटर बनाना और प्रमोशन में उनका इस्तेमाल करना. चलता है, वो केजो (करण जौहर) तो नहीं हैं.” एक और कमेंट में कहा गया, “यामी नेपो वाइफ प्रिविलेज में हैं.” कुछ यूजर्स ने मजाक उड़ाया, “स्क्रिप्ट की नहीं, घर की डिमांड थी. वरना आदित्य की हालत शुरुआती हमजा जैसी हो जाती – बाहर सोना और खाना पड़ता.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं