रणवीर सिंह ने धुरंधर में हमजा का किरदार निभाकर इंडियन सिनेमा की सबसे चर्चित परफॉर्मेंस में से एक दी है. इस किरदार ने सिर्फ दर्शकों का दिल ही नहीं जीता, बल्कि क्रिटिक्स और फिल्म इंडस्ट्री से भी खूब तारीफें बटोरीं. हमजा एक ऐसा किरदार बन गया, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. इस रोल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रणवीर सिंह हर किरदार में खुद को पूरी तरह ढाल देते हैं. अब धुरंधर की को-प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे ने बताया है कि ब्लॉकबस्टर फिल्म के लिए रणवीर सिंह ही पहली पसंद क्यों थे. उन्होंने कहा कि रणवीर की सबसे बड़ी खासियत यही है कि वह हर किरदार में पूरी तरह खो जाते हैं और खुद को बदल लेते हैं.
रणवीर के साथ अपने लंबे सफर को याद करते हुए ज्योति देशपांडे ने कहा , "मैंने रणवीर के साथ राम लीला और बाजीराव मस्तानी में काम किया है, जब वह आज वाले रणवीर नहीं थे. आज भी मुझे लगता है कि ये उनकी सबसे पसंदीदा फिल्मों में से हैं. मुझे लगता है कि वह कमाल के अभिनेता हैं, जो अपना सब कुछ दे देते हैं. वह किरदार में पूरी तरह बदल जाते हैं और यही बात मुझे सबसे ज्यादा पसंद है. हर फिल्म में वह रणवीर सिंह नहीं लगते. जब उन्हें बाजीराव बनना होता है तो वह बाजीराव बन जाते हैं, जब उन्हें खिलजी बनना होता है तो वह खिलजी बन जाते हैं और जब उन्हें गली बॉय बनना होता है तो वह पूरी तरह गली बॉय बन जाते हैं. वह खुद का किरदार नहीं निभाते, बल्कि उस किरदार में ढल जाते हैं. यही बात मुझे उनकी सबसे खास लगती है. आदित्य और मुझे दोनों को लगा कि इस फिल्म के लिए रणवीर सबसे सही चुनाव होंगे."
ज्योति देशपांडे की बातों से वही झलकता है, जो दर्शकों ने हमजा के किरदार में देखा. रणवीर ने सिर्फ यह किरदार निभाया नहीं, बल्कि उसे पूरी तरह जी लिया. उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और इमोशनल परफॉर्मेंस ने हमजा को एक ऐसा किरदार बना दिया, जिसने पूरे देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर के दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी. फैंस के बीच इसे 'हमजा फिनॉमिना' के नाम से भी खूब पसंद किया गया.
रणवीर की इस परफॉर्मेंस को हर तरफ से शानदार सराहना मिली. दर्शकों ने उनके ट्रांसफॉर्मेशन की तारीफ की, क्रिटिक्स ने इसे एक्टिंग की मास्टरक्लास बताया और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने भी उनके किरदार में दिखाई गई सच्चाई और मेहनत की जमकर तारीफ की. हमजा अब इंडियन सिनेमा के सबसे यादगार किरदारों में शामिल हो चुका है और इसने एक बार फिर रणवीर सिंह को अपनी पीढ़ी के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में साबित कर दिया है. इंडस्ट्री के कई लोग, दर्शक और फैंस का भी मानना है कि इस परफॉर्मेंस के लिए रणवीर सिंह राष्ट्रीय पुरस्कार के हकदार हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं