Govinda David Dhawan partnership: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में 90 के दशक में गोविंदा और डेविड धवन की धमाकेदार जोड़ी सफलता का दूसरा नाम बन चुकी थी.कॉमेडी जॉनर में इस डायरेक्टर-एक्टर की जोड़ी ने एक साथ 17 सुपरहिट फिल्में दीं, जिनमें 'कुली नंबर 1', 'हीरो नंबर 1', 'बड़े मियां छोटे मियां' और 'दुल्हे राजा' जैसी आईकॉनिक कॉमेडी फिल्में शामिल हैं.हालांकि, एक दौर ऐसा आया जब यह सुपरहिट पार्टनरशिप अचानक थम गई.2019 में रंगीला राजा में आखिरी बार साथ आने के बाद फिर इस जोड़ी को एक साथ काम करते नहीं देखा गया. जिससे फैंस को काफी निराशा हुई. अब सालों बाद गोविंदा ने इस हिट पार्टनरशिप के खत्म होने के पीछे की असली वजह का खुलासा किया है कि आखिर उन्होंने डेविड धवन के साथ काम करना क्यों बंद कर दिया था.
"डेविड भगवान के बच्चे जैसे हैं": गोविंदा
ANI को दिए एक इंटरव्यू में अपने और डेविड धवन के रिश्तों पर बात करते हुए गोविंदा ने कहा कि हमने साथ में 17 फिल्में कीं. डेविड भगवान के बच्चे जैसे हैं. जिस वक्त उन्हें यह महसूस हुआ कि अब मुझे गोविंदा के साथ आगे नहीं बढ़ना चाहिए, वे वहीं ठहर गए."
गोविंदा ने आगे बताया कि वह इस सफर को आगे बढ़ाना चाहते थे, लेकिन डेविड के फैसले का उन्होंने सम्मान किया. उन्होंने कहा कि मैं चाहता था कि हम साथ में 18वीं और 19वीं फिल्म भी बनाएं, लेकिन उन्होंने मना कर दिया. मुझे लगा कि वह अपनी सोच और प्लानिंग के हिसाब से काम कर रहे हैं. मुझे कभी उनके इरादों पर शक नहीं रहा."
गुस्से में भी छिपा था प्यार और अपनापन
गोविंदा ने अपने भावुक रिश्ते को साझा करते हुए कहा कि कई बार मैं उनसे नाराज हो जाता था. जब भी मैं उन्हें फोन करता था, तो वह बिना कहे मेरी नाराजगी समझ जाते थे. आज भी जब मेरे बारे में बात होती है, तो वह भावुक होकर रोने लगते हैं. वह दिल के बेहद साफ और बहुत अच्छे इंसान हैं."
रूपा से बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी
बता दें कि गोविंदा हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म 'रूपा' और 'दुनियादारी' के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं. फिल्म 'रूपा' में उनके साथ नई अभिनेत्री रानी स्वर्णकार नजर आएंगी, और इस प्रोजेक्ट को खुद गोविंदा ही प्रोड्यूस कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: CINTAA के 11 सदस्यों ने क्यों दिया इस्तीफा, पद्मिनी कोल्हापुरे और पूनम ढिल्लों पर लगे आरोप, एक्टर ने बताई वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं