UAE की फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट (FIU) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत सतीश सनपाल की संपत्ति को कुछ समय के लिए फ्रीज करने का आदेश दिया है. 41 साल के सनपाल दुबई में रहने वाले भारतीय मूल के बिजनेसमैन हैं और नेटफ्लिक्स के डॉक्यू-सीरीद "देसी ब्लिंग" में भी नजर आ चुके हैं. लगभग दो हफ्ते पहले जारी FIU के आदेश में अमीरात के बैंकों, फाइनेंशियल संस्थानों और वर्चुअल एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स (VASPs) से कहा गया है कि वे सनपाल के फाइनेंशियल अकाउंट्स और डिजिटल वॉलेट्स को फ्रीज कर दें. यह आदेश उनकी पत्नी ताबिंदा और उनसे जुड़ी कंपनियों के अकाउंट्स पर भी लागू होता है.
'द इकोनॉमिक टाइम्स' के मुताबिक FIU के नोटिस में कहा गया है, "आपसे तुरंत अनुरोध है कि किसी भी फंड, अकाउंट, डिपॉजिट या इन्वेस्टमेंट को फ्रीज कर दें और सेफ डिपॉजिट बॉक्स तक पहुंच रोक दें." नोटिस में जिन बिजनेस कंपनियों का नाम है, उनमें ANAX कैपिटल एसेट मैनेजमेंट कंपनी, ANAX कैपिटल फाइनेंशियल मार्केट्स LLC, ANAX होल्डिंग FZCO और SSB बाजार जनरल ट्रेडिंग LLC शामिल हैं. बताया जाता है कि ये कंपनियां कीमती पत्थरों का कारोबार करती हैं.
UAE के कानून के तहत, बैंकों और VASPs को 30 दिनों के बाद फ्रीज हटाना होता है, जब तक कि FIU इसे आगे बढ़ाने का आदेश न दे. इसके लिए अटॉर्नी जनरल की साफ मंजूरी की जरूरत होती है. सनपाल से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका और यह भी पुष्टि नहीं हो पाई कि रिपोर्ट के समय वह UAE में थे या नहीं.
कौन हैं सतीश सनपाल?
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले सनपाल ने 8वीं क्लास के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और 15 साल की उम्र में अपनी मां से मिले 50,000 रुपये से किराने की एक छोटी सी दुकान शुरू की थी. यह कारोबार दो साल के भीतर ही बंद हो गया.
वह लगभग 11 साल पहले UAE चले गए और दूसरे बिजनेस में जाने से पहले क्लाइंट्स को स्टॉक मार्केट ब्रोकर्स से जोड़ने में मदद करने लगे. उनका पहला बिजनेस वेंचर टेक्नोलॉजी और रियल एस्टेट सेक्टर में था. बाद में वह मीडिया और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में आए. अपनी दूरदर्शी सोच के साथ, सनपाल ने प्रमुख होटल चेन के साथ साझेदारी की, जिससे उनका कारोबार बहुत ऊंचाइयों पर पहुंच गया.
यह भी पढ़ें: नौकरी के नाम पर धोखा, मासूमों को गलत काम के लिए किया जाता है मजबूर, प्राइम वीडियो पर आ रही 8 एपिसोड की सीरीज
2018 में, उन्होंने ANAX होल्डिंग की स्थापना की. यह एक बड़ा बिजनेस ग्रुप है जिसकी कीमत लगभग 3 बिलियन डॉलर बताई जाती है. इसमें अब ANAX डेवलपमेंट्स, ANAX हॉस्पिटैलिटी और ANAX कैपिटल शामिल हैं. खबर है कि उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान दुबई में कम कीमत वाली प्रॉपर्टीज में निवेश किया था, जिनकी कीमत अब कई गुना बढ़ गई है, और दुबई हिल्स में उनका 120 मिलियन डॉलर का एक आलीशान घर है.
बुर्ज खलीफा में रहने वाले सनपाल ने पहले अपने बिजनेस डील्स को लेकर मीडिया में लगे आरोपों से इनकार किया है. ET की रिपोर्ट के मुताबिक, मई में दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा था कि आधिकारिक जांच जारी रहने के बावजूद मीडिया रिपोर्ट्स में उन्हें "समय से पहले" दोषी करार दे दिया गया था. सनपाल की शादी ताबिंदा से नौ साल पहले हुई थी और उनकी एक बेटी है. उनकी पिछली शादी से उनके दो बेटे भी हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं