मायानगरी में एक बार फिर दहशत का माहौल है. रविवार रात को मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड सितारे टाइगर श्रॉफ पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की. हीरोपंती फेम एक्टर इस हमले में घायल हो गए. इसके बाद से बॉलीवुड में दहशत का माहौल है. फैंस भी टाइगर श्रॉफ के लिए चिंता जाहिर कर रहे हैं. जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ फिल्मों में अपने एक्शन, मार्शल आर्ट्स और डांस के लिए फैंस के बीच काफी पॉपुलर हैं. लेकिन इस बॉलीवुड एक्टर के बारे में एक ऐसी बात भी है, जिसके बारे में शायद कई फैंस को पता नहीं होगा. हम बात कर रहे हैं उनके नाम की.
टाइगर श्रॉफ का असली नाम?
दरअसल टाइगर श्रॉफ का असली नाम टाइगर नहीं बल्कि जय हेमंत श्रॉफ है. कई फैंस को यह जानकर हैरानी हो सकती है कि स्क्रीन पर टाइगर नाम से मशहूर एक्टर पैदा जन्म से जय हेमंत हैं. उनका टाइगर नाम बचपन की एक आदत से जुड़ा है.
टाइगर श्रॉफ का जन्म 2 मार्च 1990 को मुंबई में हुआ था. उनके पिता दिग्गज एक्टर जैकी श्रॉफ और मां प्रोड्यूसर आयशा श्रॉफ हैं. फिल्मी परिवार से सबंध रखने वाले टाइगर श्रॉफ ने बॉलीवुड में अपनी पहचान खुद बनाई. लेकिन उनके नाम की कहानी काफी दिलचस्प है.
कैसे मिला टाइगर नाम
एक पुराने इंटरव्यू में टाइगर श्रॉफ ने खुद बताया था कि बचपन में उन्हें लोगों को काटने की आदत थी. जब वह किसी से मिलते या फिर प्यार जताते तो अक्सर काट लेते थे. इसी वजह से घरवालों और आसपास के लोगों ने उन्हें टाइगर कहना शुरू कर दिया. धीरे-धीरे यह नाम इतना मशहूर हो गया कि जब वह फिल्मों में आए तो उन्होंने इसे ही अपना स्क्रीन नाम बना लिया.
टाइगर श्रॉफ ने साल 2014 में फिल्म 'हीरोपंती' से बॉलीवुड में कदम रखा. इस फिल्म में उनके साथ कृति सेनन थीं. उनका भी यह बॉलीवुड डेब्यू था. फिल्म में उनके एक्शन सीन और डांस ने दर्शकों का दिल जीता. इसके बाद उन्होंने 'बागी', 'अ फ्लाइंग जट्ट', 'मुन्ना माइकल' और 'वार' जैसी फिल्मों में काम किया. एक्शन और डांस उनके करियर की खासियत बन गए.
यह भी पढ़ें | टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद सदमे में सितारे, शत्रुघ्न सिन्हा बोले-चिंताजनक, धमकियां और फायरिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं