विज्ञापन

रिव्यू: ‘वेलकम टू द जंगल’ – हंसी, सितारों और मनोरंजन से भरपूर फैमिली फिल्म

कॉमेडी हर किसी के लिए अलग होती है. जिस बात पर कोई जोर से हंस सकता है, हो सकता है दूसरे को उस पर सिर्फ मुस्कान आए. फिल्म के शुरुआती कुछ मिनटों में भी ऐसा ही महसूस होता है.

रिव्यू: ‘वेलकम टू द जंगल’ – हंसी, सितारों और मनोरंजन से भरपूर फैमिली फिल्म
Welcome to the Jungle Review
NDTV

अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई है. यह एक मल्टीस्टारर फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, फरीदा जलाल, कीकू शारदा, अक्षरा सिंह, अभिषेक कृष्णा, राजपाल यादव, परेश रावल, यशपाल शर्मा, मुकेश तिवारी, आफताब शिवदासानी, विंदू दारा सिंह, पुनीत इस्सर, पंकज धीर, अर्जुन फिरोज खान, जाकिर हुसैन, जॉनी लीवर, बृजेंद्र काला, जैकी श्रॉफ, दलेर मेहंदी और श्रेयस तलपड़े समेत कुल 32 जाने-पहचाने कलाकार नजर आते हैं.

ये भी पढ़ें: रणबीर कपूर की रामायणम करेगी 3300 करोड़ से ज्यादा कमाई? एग्जिबिटर का दावा धुरंधर का तोड़ेगी रिकॉर्ड

कहानी

फिल्म की कहानी 2000 करोड़ रुपये को एक फ्लॉप फिल्म बनाकर ठिकाने लगाने की है. इसके लिए कुछ फ्लॉप कलाकारों को चुना जाता है और पूरी टीम को शूटिंग के लिए जंगल ले जाया जाता है. यहां सिर्फ कलाकार ही नहीं, बल्कि निर्देशक, सिनेमैटोग्राफर और पूरी यूनिट भी फ्लॉप है. लेकिन मामला तब बिगड़ जाता है, जब शूटिंग के दौरान उनका सामना नकली विलेन से नहीं, बल्कि असली विलेन से हो जाता है. इसके बाद शुरू होती है हंसी और गड़बड़ियों से भरी कॉमेडी ऑफ एरर्स.

खामियां

कॉमेडी हर किसी के लिए अलग होती है. जिस बात पर कोई जोर से हंस सकता है, हो सकता है दूसरे को उस पर सिर्फ मुस्कान आए. फिल्म के शुरुआती कुछ मिनटों में भी ऐसा ही महसूस होता है.

अगर आपको समझदारी वाली या हल्के-फुल्के व्यंग्य वाली कॉमेडी पसंद है, तो शायद यह फिल्म आपके लिए नहीं है. यह पूरी तरह फार्स कॉमेडी है, इसलिए कई जगह कलाकारों का अभिनय थोड़ा ज़्यादा बढ़ा-चढ़ाकर किया गया लगता है.

कुछ मज़ाक और सीन ऐसे हैं जिन्हें पहले भी कई फिल्मों में देखा जा चुका है. अगर इनसे बचा जाता तो फिल्म और ताज़ा लगती.

फिल्म के शुरुआती करीब २० मिनट थोड़े धीमे लगते हैं.

साथ ही, फिल्म में कई ऐसे मज़ाक हैं जो बॉलीवुड और फिल्मी दुनिया के अंदरूनी संदर्भों पर आधारित हैं. जो लोग इन बातों से परिचित नहीं हैं, वे कुछ दृश्यों का पूरा मज़ा शायद न ले पाएं.

खूबियां

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी बड़ी स्टार कास्ट है. इतने सारे कलाकारों को एक साथ पर्दे पर देखना अपने आप में मजेदार अनुभव है.

कॉमेडी के मामले में सबसे ज़्यादा प्रभावित करती हैं फ़रीदा जलाल. वहीं किरण कुमार फिल्म का सुखद सरप्राइज़ हैं. रवीना टंडन की शानदार स्क्रीन प्रेजेंस और अक्षय कुमार के साथ उनके दृश्य कई जगह आपको हंसते-हंसते आंखों में आंसू ला सकते हैं.

इसके अलावा सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, परेश रावल, राजपाल यादव और बाकी सभी कलाकार अपने-अपने किरदारों में जंचते हैं और फिल्म को मनोरंजक बनाए रखते हैं.

फिल्म का संगीत भी इसकी बड़ी खूबियों में से एक है. इसके गाने आसानी से ज़ुबान पर चढ़ जाते हैं और क्लबों में बजने लायक हैं.

इतनी बड़ी स्टार कास्ट को संभालना आसान नहीं था. इसके लिए निर्देशक अहमद खान तारीफ के हकदार हैं. इतने बड़े सेटअप के बावजूद उनका निर्देशन अच्छा है.

पहले हाफ के बाद फिल्म रफ्तार पकड़ती है और दूसरे हाफ में कई ऐसे दृश्य आते हैं, जहां आप खुलकर हंसते हैं.

फैसला

कुल मिलाकर ‘वेलकम टू द जंगल' एक ऐसी फिल्म है जो आपको हंसाने और मनोरंजन करने की पूरी कोशिश करती है. अगर आप ज़्यादा दिमाग लगाए बिना, परिवार के साथ बैठकर हल्की-फुल्की कॉमेडी देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म आपके लिए है. खासकर बच्चों को यह फिल्म काफी पसंद आएगी. यह एक साफ-सुथरी फैमिली एंटरटेनर है, जिसे पूरे परिवार के साथ देखा जा सकता है. 

मेरी तरफ से फिल्म को 3 स्टार. ⭐⭐⭐

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Welcome To The Jungle, Welcome To The Jungle  review In Hindi, Welcome To The Jungle  budget, Welcome To The Jungle  box Office, Akshay Kumar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com