26 जून को रिलीज होने जा रही अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर माहौल पूरी तरह बना हुआ है. फिल्म में इतने सारे सितारे हैं कि दर्शकों की नजरें पहले से ही इस पर टिकी हुई हैं. लेकिन इस बार चर्चा सिर्फ स्टारकास्ट की नहीं हो रही. फिल्म के डायरेक्टर अहमद खान भी लोगों की दिलचस्पी का बड़ा कारण बने हुए हैं. वजह है उनका पुराना रिकॉर्ड. करीब 22 साल के करियर में उन्होंने सिर्फ 5 फिल्में बनाई हैं, जिनमें से केवल एक ही ब्लॉकबस्टर रही. ऐसे में अब हर किसी के मन में यही सवाल है कि क्या 'वेलकम टू द जंगल' अहमद खान के करियर की सबसे बड़ी हिट बनेगी या फिर उनका रिकॉर्ड पहले जैसा ही बना रहेगा.
22 साल का सफर और सिर्फ 5 फिल्में
अहमद खान ने साल 2004 में 'लकीर' से डायरेक्टर के तौर पर शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने 'फूल एन फाइनल', 'बागी 2', 'बागी 3' और 'हीरोपंती 2' जैसी फिल्में बनाईं. हालांकि इन फिल्मों में सबसे ज्यादा चर्चा 'बागी 2' की हुई. टाइगर श्रॉफ की इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया और ये बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई. बाकी फिल्में वो कमाल नहीं दिखा सकीं जिसकी उम्मीद की गई थी.
एक हिट, एक एवरेज और तीन फिल्में नहीं चलीं
अगर अहमद खान के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो तस्वीर काफी दिलचस्प नजर आती है. उनकी एक फिल्म ब्लॉकबस्टर रही, एक को ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिला और तीन फिल्में दर्शकों को खास पसंद नहीं आईं. यही वजह है कि हर नई फिल्म के साथ उनके काम पर चर्चा शुरू हो जाती है.
रेटिंग के मामले में भी पीछे रहीं फिल्में
बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ दर्शकों की रेटिंग में भी अहमद खान की फिल्में ज्यादा असर नहीं छोड़ पाईं. IMDb पर उनकी किसी भी फिल्म की रेटिंग 5 तक नहीं पहुंची. 'बागी 2' और 'लकीर' को सबसे ज्यादा 4.7 रेटिंग मिली. वहीं 'बागी 3' और 'हीरोपंती 2' को इससे भी कम नंबर मिले. ऐसे में उनका ट्रैक रिकॉर्ड अक्सर चर्चा का हिस्सा बन जाता है.
क्यों अहम है 'वेलकम टू द जंगल'
'वेलकम टू द जंगल' सिर्फ एक नई फिल्म नहीं है. ये बॉलीवुड की सबसे पसंद की जाने वाली कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक 'वेलकम' का नया पार्ट है. फिल्म में अक्षय कुमार के साथ कई बड़े चेहरे नजर आएंगे. अगर फिल्म दर्शकों का दिल जीत लेती है तो अहमद खान के करियर को भी बड़ा फायदा मिल सकता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ये फिल्म उनके खाते में दूसरी बड़ी हिट जोड़ पाएगी या फिर 'बागी 2' ही उनकी सबसे बड़ी सफलता बनी रहेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं