बॉलीवुड में कई कलाकारों ने लंबे संघर्ष के बाद अपनी पहचान बनाई और दुनियाभर में दिलों को जीता है. आज हम एक ऐसे की एक्टर के बारे में बताने वाले हैं. गांव की संकरी गलियों से निकलकर बॉलीवुड और भोजपुरी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाने वाले रवि किशन की जीवन-कहानी किसी प्रेरणादायक फिल्म से कम नहीं है. पुजारी के बेटे रवि आज न सिर्फ एक लोकप्रिय अभिनेता हैं, बल्कि सांसद के तौर में भी देश की सेवा कर रहे हैं. हिंदी, भोजपुरी, तेलुगु और कन्नड़ समेत कई भाषाओं की फिल्मों में उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया है.
ये भी पढ़ें: जनवरी से जून 2026 के धुरंधर आए सामने, जानें पहली छमाही में किस फिल्म और शो ने मारी बाजी
जन्म और बचपन
रवि किशन का जन्म 17 जुलाई 1969 को मुंबई में हुआ. उनका पूरा नाम रविंद्र किशन शुक्ला है. हालांकि उनका परिवार उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से है. पिता पुजारी थे और घर की आर्थिक स्थिति सामान्य थी. बचपन से ही रवि को नाटक और अभिनय का बेहद शौक था. वे गांव की रामलीला में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते थे और कई बार महिला किरदार भी निभाते थे.
पिता को उनका यह शौक बिल्कुल पसंद नहीं था. वे चाहते थे कि बेटा पढ़ाई पर ध्यान दे और कोई स्थिर नौकरी करे. परिवार की नाराजगी और डांट-फटकार के बावजूद रवि का अभिनय के प्रति जुनून कम नहीं हुआ. आखिरकार घर की परिस्थितियों से तंग आकर वे मुंबई चले गए, जहां उन्होंने छोटे-मोटे काम करते हुए फिल्मों में मौका तलाशना शुरू किया.
फिल्मी सफर
रवि किशन ने वर्ष 1992 में हिंदी फिल्म ‘पीतांबर' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की. शुरुआती सालों में उन्होंने ‘आर्मी', ‘जख्मी दिल', ‘आग और चिंगारी' जैसी फिल्मों में छोटे किरदार निभाए. साल 2003 में सलमान खान-भूमिका चावला स्टारर फिल्म ‘तेरे नाम' में पुजारी के किरदार ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई. इसके बाद उन्होंने भोजपुरी सिनेमा की ओर रुख किया. फिल्म ‘सईंया हमार' ने उन्हें भोजपुरी का सुपरस्टार बना दिया. इसके बाद उन्होंने दर्जनों हिट भोजपुरी फिल्में दीं.
मुख्य फिल्में
उनकी महत्वपूर्ण हिंदी फिल्मों में फिर हेरा फेरी, लक, रावण, एजेंट विनोद, बुलेट राजा, मुक्काबाज, बाटला हाउस और लापता लेडीज शामिल हैं. फिल्म ‘लापता लेडीज'में पुलिस अधिकारी के किरदार के लिए उन्हें फिल्मफेयर और आईफा अवॉर्ड्स में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का नामांकन मिला तथा काफी सराहना हुई.
टीवी और अन्य काम
रवि किशन टीवी पर भी सक्रिय रहे. वे ‘बिग बॉस' जैसे शो में नजर आए और कई कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक होस्टिंग भी कर चुके हैं. उन्होंने हॉलीवुड ब्लॉकबस्टर ‘स्पाइडर-मैन 3' के भोजपुरी डब्ड वर्जन में अपनी आवाज भी दी है.
राजनीतिक सफर
अभिनय के अलावा रवि किशन ने राजनीति में भी सफलता हासिल की. वर्ष 2019 में वे गोरखपुर लोकसभा सीट से सांसद चुने गए और 2024 के चुनाव में दोबारा जीत दर्ज की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं