क्रिस्टोफर नोलन के डायरेक्शन में बनी ‘द ओडिसी (The Odyssey)' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. मैट डेमन स्टारर इस फिल्म ने महज तीन दिनों में 70 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और नोलन के करियर का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. सैकनिल्क पर दिए गए आंकड़ों के मुताबिक रविवार 19 जुलाई (डे 3) को फिल्म ने करीब 21.90 करोड़ नेट कमा लिए. शनिवार की तुलना में 0.5 प्रतिशत की गिरावट के बावजूद, फिल्म की कुल भारतीय नेट कमाई 61.30 करोड़ पहुंच गई है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 73.19 करोड़ हो चुका है.
शुक्रवार 17 जुलाई को 17.40 करोड़ नेट कलेक्शन से शुरूआत करने वाली ‘द ओडिसी' ने शनिवार को 22 करोड़ नेट का आंकड़ा छुआ और रविवार को भी मजबूती बनाए रखी. ओपनिंग डे पर ही इसने नोलन की पिछली फिल्म ‘ओपनहाइमर' को पीछे छोड़ दिया था.
इंग्लिश वर्जन का जलवा
फिल्म के इंग्लिश वर्जन फिल्म की सफलता का सबसे बड़ा कारण बन रहा है. अभी तक इसने करीब 48.5 करोड़ कमाए हैं, जबकि हिंदी डब्ड वर्जन दूसरे नंबर पर है. तमिल और तेलुगु वर्जन भी अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं. इस ओपनिंग के साथ ‘द ओडिसी' ने नोलन की पिछली फिल्मों ओपनहाइमर, टेनेट, इंटरस्टेलर और डनकर्क के पहले दिन के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.

Photo Credit: IMDb
ग्लोबल लेवल पर भी धमाका
भारत के अलावा फिल्म ने ग्लोबल लेवल पर भी शानदार शुरुआत की है. नॉर्थ अमेरिका में 124.5 मिलियन डॉलर और इंटरनेशन मार्केट से 139.6 मिलियन डॉलर की कमाई के साथ ग्लोबल ओपनिंग वीकेंड 264 मिलियन डॉलर से ज्यादा रहा. यह 2012 की ‘द डार्क नाइट राइजेज' के बाद नोलन का सबसे बड़ा ओपनिंग है.
यह भी पढ़ें: Jana Nayagan Advance Booking: थलापति विजय की आखिरी फिल्म की टिकट के लिए लगी होड़, बिक रही 54 रुपये से 2500 तक की टिकट
क्रिस्टोफर नोलन की लिखी और उनके डायरेक्शन में बनी ‘द ओडिसी' होमर की प्राचीन ग्रीक महाकाव्य कविता पर आधारित है. इसमें मैट डेमन किंग ओडिसीयस के किरदार में हैं जबकि टॉम हॉलैंड उनके बेटे टेलीमेकस बने हैं. फिल्म में ऐनी हैथवे, रॉबर्ट पैटिंसन, चार्लीज थेरॉन, लुपिता न्योंगो, जेंडेया समेत दमदार स्टार कास्ट है. नोलन की इस ग्रैंड फिल्म ने साबित कर दिया कि दर्शक अभी भी बड़े पर्दे पर सिनेमाई एक्सपीरियंस के लिए एक्साइटेड हैं. बॉक्स ऑफिस पर इसका सफर और मजबूत होता दिख रहा है!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं