तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय साउथ सिनेमा का बड़ा नाम हैं. उनकी हिट फिल्मोग्राफी दिखाती है कि उन्हें थलापति नाम यूं ही नहीं मिला. वह फिल्मी दुनिया के असली लीडर रहे हैं और अब तो इससे दूरी बनाकर राजनीति में एंट्री ले चुके हैं. आज यानी 22 जून को 52 साल के हुए थलापति ने भले ही फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली हो लेकिन उनके पुराने रिकॉर्ड आज भी फैन्स की उंगलियों पर हैं. आज बताते हैं थलापति की उस फिल्म के बारे में जो 300 दिनों तक सिनेमाघरों से नहीं उतरी थी.
300 दिन चली थी थलापति विजय की फिल्म
आज थलापति विजय के जन्मदिन के मौके पर आपको बताते हैं 14 साल पहले आई उस ब्लॉकबस्टर फिल्म के बारे में जिसने बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचाया था. इस फिल्म की कमाई छप्परफाड़ थी और कमाल की बात ये है कि ये फिल्म थलापति के लिए नहीं बल्कि बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के लिए लिखी गई थी. इसके लिए पहली पसंद खिलाड़ी कुमार ही थे. लेकिन अक्षय कुमार ने ये फिल्म छोड़ दी थी.
अक्षय कुमार ने रिजेक्ट कर दी थी ब्लॉक बस्टर फिल्म
हम जिस एक्शन थ्रिलर की बात कर रहे हैं उसका नाम थुपक्की है. ए आर मुरुगदौस ने एक्शन थ्रिलर की स्क्रिप्ट अक्षय कुमार के लिए सोची थी. तमिल वर्जन बनाने से पहले उन्होंने कहानी अक्षय को सुनाई और वो इस फिल्म को करने के लिए तैयार थे. लेकिन शेड्यूल में क्लैश और बॉलीवुड प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने में देरी के चलते डायरेक्टर ने थलापति विजय के साथ तमिल वर्जन पर काम आगे बढ़ाने का फैसला किया.
#ThalapathyVijay's #Thuppakki Completed 300 Days in Tamil Nadu & 100 Days in Kerala!🔥
— Actor Vijay Team (@ActorVijayTeam) June 21, 2020
Also Had A Mind - Blowing Run in Karnataka, Andhra Pradesh & Telangana! #Master #HBDTHALAPATHYVijay pic.twitter.com/ZzdN9qXgur
थुपक्की का बजट और कलेक्शन
अब बात करें थुपक्की के बजट की तो imdb पर दिए आंकड़े के मुताबिक ये फिल्म महज 70 करोड़ में बनी थी और इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 153.79 करोड़ की कमाई की थी. इसी ताबड़तोड़ कमाई के साथ यह विजय के करियर की ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हुई. थुपक्की तमिलनाडु में 300 दिन और केरलम में 100 दिन सिनेमाघरों में रही थी.
हिंदी में बनी तब भी हिट रही थुपक्की
2012 में जब थुपक्की बनी तब तो अक्षय इसका हिस्सा नहीं बन पाए लेकिन इसके दो साल बाद मुरुगदौस ने अक्षय कुमार के साथ इसे हिंदी में 'हॉलिडे:ए सोल्जर इज नेवर ऑन लीव' बनाई, ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने में कामयाब रही थी. विकिपीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक 50 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 180 करोड़ कमाए थे.
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड एक्टर पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर हमला, हालत गंभीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं