सलमान खान की अपकमिंग देशभक्ति फिल्म ‘मातृभूमि', जिसका नाम पहले ‘गलवान' रखा गया था, पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चा में है. वजह यह है कि फिल्म की रिलीज को लेकर लगातार देरी की खबरें सामने आ रही हैं. सोशल मीडिया से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक, कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं कि आखिर फिल्म तय समय पर रिलीज क्यों नहीं हो पा रही. हालांकि एनडीटीवी ने यह साफ किया है कि फिल्म में देरी की सबसे बड़ी वजह इसका अब तक पूरी तरह तैयार न होना है. सूत्रों के मुताबिक फिल्म को बड़े पैमाने पर दोबारा शूट किया गया, और यह री-शूट करीब 40 दिनों तक चला. इसके बावजूद फिल्म पर अभी भी काम जारी है और टीम इसे फाइनल शेप देने में जुटी हुई है.
इंडस्ट्री में यह भी चर्चा है कि फिल्म के री-शूट की एक वजह हालिया रिलीज ‘धुरंधर' की जबरदस्त सफलता भी मानी जा रही है. कहा जा रहा है कि ‘धुरंधर' के शानदार स्केल और दमदार एक्शन के बाद अब कई फिल्ममेकर्स अपनी फिल्मों को उसी स्तर या उससे बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं, चाहे वह भव्यता हो या एक्शन. यही वजह है कि ‘मातृभूमि' को भी ज्यादा प्रभावशाली बनाने के लिए कई हिस्सों को दोबारा शूट किया गया.
इसी बीच फिल्म से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है. मशहूर गायक सुखविंदर सिंह ने फिल्म के लिए एक गाना रिकॉर्ड किया है. जानकारी के मुताबिक 9 अप्रैल को सुखविंदर सिंह ने फिल्म के लिए एक गीत गाया. एनडीटीवी से खास बातचीत में उन्होंने कहा, “मैंने कल ही ‘मातृभूमि' के लिए एक गाना रिकॉर्ड किया है. इसके संगीतकार मीत ब्रदर्स हैं. यह एक देशभक्ति गीत है.”
जब उनसे पूछा गया कि क्या सलमान खान भी रिकॉर्डिंग के दौरान मौजूद थे, तो सुखविंदर ने कहा, “सलमान नहीं थे, लेकिन उन्होंने गाना सुन लिया होगा.” सुखविंदर सिंह की आवाज देशभक्ति गीतों में हमेशा खास असर छोड़ती रही है और चूंकि ‘मातृभूमि' गलवान की लड़ाई पर आधारित फिल्म है, इसलिए यह गीत फिल्म के लिए काफी अहम माना जा रहा है.
फिल्म का निर्देशन अपूर्वा लखिया कर रहे हैं और इसमें चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी. सलमान खान की फिल्में अक्सर त्योहारों या छुट्टियों के मौके पर रिलीज होती हैं और चूंकि ‘मातृभूमि' देशभक्ति से भरपूर फिल्म है, इसलिए अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह फिल्म 15 अगस्त के आसपास सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं