विज्ञापन

श्रीदेवी का वो गाना, सरोज खान ने एक दिन में किया शूट, गाना खत्म होते-होते उजड़ गया सेट, एक दीवार पर शूट होकर बना कल्ट

श्रीदेवी का ‘नगीना’ फिल्म का ‘मैं तेरी दुश्मन’ गाना आज भी यादगार है, लेकिन इसकी शूटिंग का किस्सा बेहद दिलचस्प है. सरोज खान ने इसे एक ही दिन में शूट किया और शूटिंग के दौरान तकनीशियन सेट खोलते रहे. आखिर में गाने के लिए सिर्फ एक दीवार बची थी.

श्रीदेवी का वो गाना, सरोज खान ने एक दिन में किया शूट, गाना खत्म होते-होते उजड़ गया सेट, एक दीवार पर शूट होकर बना कल्ट
श्रीदेवी के कल्ट गाने की शूटिंग का अनोखा किस्सा, आखिर में बची सिर्फ एक दीवार!
नई दिल्ली:

श्रीदेवी का नाम आते ही उनके कई शानदार गाने और डांस याद आ जाते हैं, लेकिन ‘नगीना' का ‘मैं तेरी दुश्मन, दुश्मन तू मेरा, मैं नागिन तू सपेरा' आज भी सबसे अलग नजर आता है. गाने में श्रीदेवी का नागिन वाला अंदाज, उनके डांस मूव्स और सरोज खान की कोरियोग्राफी ने इसे ऐसा यादगार बना दिया कि दशकों बाद भी इसका जिक्र होता है. मगर इस गाने की शूटिंग से जुड़ी कहानी शायद पर्दे पर दिखने वाले जादू से भी ज्यादा दिलचस्प है. फिल्म का बाकी काम पूरा हो चुका था और सिर्फ यही गाना शूट होना बाकी था. खास बात यह थी कि गाने की शूटिंग के लिए टीम के पास सिर्फ एक दिन था. यानि उसी दिन शाम को सेट को तोड़ना यानि डिसमेंटल करना तय था.

एक दिन में शूट होना था श्रीदेवी का गाना

इससे पहले निर्देशक हरमेश मल्होत्रा ने पूरी टीम को बता दिया था कि उनका काम पूरा हो चुका है. अब अगले दिन सिर्फ गाने की शूटिंग होनी थी. कोरियोग्राफर सरोज खान को भी अगले दिन आने के लिए कहा गया. उन्होंने श्रीदेवी से कहा कि सुबह 7 बजे सेट पर पहुंचना है. श्रीदेवी ने इस शूट को कितनी गंभीरता से लिया, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह सुबह 7 बजे के समय से भी पहले 6:30 बजे सेट पर पहुंच गई थीं.

कैमरे के सामने श्रीदेवी का डांस, पीछे टूटता रहा सेट

इसके बाद गाने की शूटिंग शुरू हुई. श्रीदेवी कैमरे के सामने अपने डांस परफॉर्मेंस में जुटी थीं और दूसरी तरफ सेट को खोलने का काम भी शुरू हो चुका था. यानी एक तरफ ‘मैं तेरी दुश्मन' के लिए कैमरा चल रहा था और दूसरी तरफ तकनीशियन फिल्म का सेट धीरे-धीरे हटा रहे थे. शूटिंग आगे बढ़ती गई और सेट का बड़ा हिस्सा टूटकर हटता गया. गाने की शूटिंग खत्म होते-होते हालत यह हो गई कि सेट का लगभग पूरा हिस्सा गायब हो चुका था. आखिर में सिर्फ एक दीवार बची थी और उसी दीवार के सामने गाने की शूटिंग पूरी की गई.

ये भी पढ़ें- मल्लिका शेरावत का बेली डांस वाला 19 साल पुराना गाना, एआर रहमान ने मिस्त्र सिंगर से गवाया, तुर्की थीम में हुआ शूट, आज भी ट्रेंडिंग

एक दिन में शूट हुआ गाना बन गया यादगार

सोचिए, जिस गाने को आज भी देखकर ऐसा लगता है कि इसके पीछे बड़ी तैयारी और शानदार सेट रहा होगा, उसकी शूटिंग के दौरान पूरा सेट ही धीरे-धीरे हटाया जा रहा था. श्रीदेवी और सरोज खान के सामने समय की भी कमी थी और शूटिंग के लिए जगह भी लगातार कम होती जा रही थी. इसके बावजूद गाने में ऐसा कुछ नजर नहीं आता कि इसे किसी जल्दबाजी में पूरा किया गया था. श्रीदेवी का नागिन वाला डांस और उनकी पूरी परफॉर्मेंस इतनी दमदार रही कि ‘मैं तेरी दुश्मन' अपने दौर के यादगार गानों में शामिल हो गया.

ये भी पढ़ें- फिर हेरा फेरी से लेकर आवारा पागल दीवाना तक, जॉनी लीवर की कॉमेडी के 27 मिनट के सीन देख छूटी फैंस की हंसी 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sridevi, Nagina, Sridevi Song, Bollywood, Main Teri Dushman
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com