सोनम वांगचुक इन दिनों चर्चा में हैं क्योंकि वह 21 दिन से भूख हड़ताल पर हैं. कुछ देर पहले दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया है. इसके चलते वह चर्चा में आ गए. हालांकि इससे पहले वह आमिर खान के एक बयान के चलते चर्चा में आए थे कि 3 इडियट्स फिल्म उनकी जिंदगी पर आधारित नहीं है. हालांकि इसके चलते एक्टर को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन इस बीच सोनम वांगचुक का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह केबीसी में अमिताभ बच्चन के सामने केबीसी का जिक्र करते हुए नजर आ रहे हैं.
केबीसी में सोनम वांगचुक ने कही थी ये बात
वायरल वीडियो में अमिताभ बच्चन कहते हैं, एक फिल्म बनी थी, जिसका शीर्षक था 3 इडियट्स, जिसमें जो मुख्य भूमिका थी आमिर खान साहब ने निभाई थी फुंसुक वांगड़े के नाम से. वो भूमिका शायद आपसे प्रभावित होकर हुई थी. क्या ये सच है? इस पर सोनम वांगचुक कहते हैं, अगर आप कहें प्रभावित तो मैं ना नहीं कहूंगा. ज्यादातर लोग कहते हैं कि वह आप पर बेस्ड है. मैं वो तो नहीं मानता कि बेस्ड है. प्रभावित हम कह सकते हैं. मगर फिर मैं वह नहीं चाहता कि लोग इस देश में किसी भी काम को तब माने कि जब वो किसी फिल्म से जुड़ी हो. तो अगर यह हो भी तो मुझे कोई गर्व नहीं. ना हो तो इसमें कोई पछतावे की बात नहीं देखता.
ये भी पढ़ें- केबीसी हो रहा है इस दिन शुरू, अमिताभ बच्चन ने बताया कौन बनेगा करोड़पति 18 में होगा ये बड़ा बदलाव
आमिर खान ने कहा- सोनम वांगचुक पर नहीं 3 इडियट्स
आमिर खान ने ब्रिटिश फिल्म इस्टिट्यूट के एक इवेंट के दौरान कहा, “नहीं, असल में यह सच नहीं है. यह एक गलतफहमी है. जब हम फिल्म बना रहे थे, तब मुझे मिस्टर सोनम वांगचुक के बारे में पता नहीं था. मुझे पता है मैंने हाल ही में चतुर का एक वीडियो देखा, जिसमें उसने ऐसा कहा था. नहीं, वह गलत है. हो सकता है चतुर ऐसा सोच रहा हो, लेकिन मैं आपको बताना चाहता हूं कि न तो राजू, न ही अभिजात (दो लेखकों में से एक) और न ही मुझे सोनम के बारे में पता था. हालांकि, मिस्टर सोनम जो काम कर रहे हैं, वह वैसे भी बहुत अच्छा है. उनकी और उनके काम की इज्जत करने के लिए यह जरूरी नहीं है कि वे '3 इडियट्स' के किरदार पर आधारित हों.”
3 इडियट्स के बारे में
हाल ही में आमिर खान ने लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में कहा था कि 2009 की सुपरहिट फिल्म "3 इडियट्स" में उनका किरदार 'फुंसुख वांगडू', शिक्षाविद और क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं है. 3 इडियट्स" के डायरेक्टर राजकुमार हिरानी हैं. फिल्म में आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि करीना कपूर, बोमन ईरानी, मोना सिंह और ओमी वैद्य ने सहायक भूमिकाएं निभाई हैं.
दो समानांतर समय-सीमाओं (एक वर्तमान में और दूसरी दस साल पहले) में दिखाई गई यह कहानी एक भारतीय इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन छात्रों की दोस्ती पर आधारित है और भारतीय शिक्षा प्रणाली में मौजूद पितृसत्तात्मक सोच पर एक कटाक्ष है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं