अरे ओ सांभा, कितने आदमी थे...हिंदी फिल्मों के कलाकार मैक मोहन की शक्ल दिखती है, तो सबसे पहले शोले का यही डायलोग जेहन में आता है. लेकिन मैक मोहन का हुनर सांभा की चुप्पी और मुस्कान से कहीं आगे था. ये बहुत कम लोग जानते होंगे कि वो जितने खूंखार विलेन थे. उतने ही आला डांसर भी थे. कुछ पुरानी फिल्मों में उनका ये हुनर साफ नजर भी आया है. सोशल मीडिया में वायरल एक वीडियो में यही सांभा नजर आ रहे हैं. लेकिन हाथ में बंदूक नहीं बल्कि शानदार डांस मूव्स के साथ. जिसे देखकर लोगों को अपनी आंखों पर यकीन नहीं हो रहा कि पर्दे पर खौफनाक डाकू दिखने वाले मैक मोहन कभी इतने बेहतरीन डांसर भी थे.
शोले के सांबा ( मैक मोहन ) का डान्स कभी देखा है ? व्हिडिओ में देखे
— 🇮🇳Jitendra pratap singh🇮🇳 (@jpsin1) May 20, 2026
फिल्म: आवो प्यार करे
(१९६४ )
साथ मे जाय मुखर्जी, संजीवकुमार (बैठे हुये) है🌷🌹🌷🌹🌷🌹🌷 pic.twitter.com/hTsc9pJeNJ
जब सांभा ने डांस से जीता दिल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस थ्रोबैक वीडियो में मैक मोहन एक पुराने गाने पर शानदार अंदाज में डांस करते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो को देखकर साफ पता चलता है कि ये उनके करियर के शुरुआती दिनों का है. उनके एक्सप्रेशन, स्टाइल और एनर्जी को देखकर कोई भी दंग रह जाए. इस वीडियो की खासियत ये है कि मैक मोहन के आसपास जॉय मुखर्जी जैसे दिग्गज कलाकार भी हैं. हालांकि वो भी काफी यंग नजर आ रहे हैं. और थोड़ा गौर करेंगे तो आपको यंग संजीव कुमार भी नजर आएंगे. जो मेक मोहन के डांस का लुत्फ ले रहे हैं.
इस गाने पर थिरके थे मैक मोहन
दरअसल, यह वीडियो साल 1964 में रिलीज हुई फिल्म ‘आओ प्यार करें' के गाने ‘ये झुकी झुकी झुकी निगाहें' का बताया जा रहा है. इस फिल्म का निर्देशन आर.के. नय्यर ने किया था. फिल्म में जॉय मुखर्जी, सायरा बानो और संजीव कुमार जैसे कलाकार नजर आए थे. मैक मोहन का ये अंदाज देखकर फैंस हैरान हैं कि बाद में फिल्मों में खतरनाक किरदार निभाने वाले अभिनेता कभी इतने शानदार डांसर भी रह चुके थे. यही वजह है कि ये पुराना वीडियो अब फिर से चर्चा में आ गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं