बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं. उनकी फिल्म ‘किंग' रिलीज से पहले ही ऐसी डील को लेकर चर्चा में आ गई है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री का ध्यान खींच लिया है. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही किंग के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 175 करोड़ रुपये में बिके हैं. अगर यह रिपोर्ट सही साबित होती है तो यह किसी भारतीय फिल्म के लिए विदेशों में अब तक की सबसे बड़ी मिनिमम गारंटी (MG) डील मानी जाएगी.
175 करोड़ रुपये में हुई ‘किंग' की ओवरसीज डील
पिंकविला के मुताबिक, फार्स फिल्म्स ने शाहरुख खान की 'किंग' के विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 175 करोड़ रुपये में हासिल किए हैं. बताया जा रहा है कि यह मिनिमम गारंटी (MG) डील है. अब तक किसी भारतीय फिल्म के ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन के लिए 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की मिनिमम गारंटी डील होने की बात सामने नहीं आई थी.
इस डील की सबसे खास बात इसका बिजनेस मॉडल है. आम तौर पर कई बॉलीवुड फिल्मों के विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन में कमीशन आधारित समझौते देखने को मिलते हैं. लेकिन मिनिमम गारंटी डील में डिस्ट्रीब्यूटर पहले से एक तय रकम देने की प्रतिबद्धता लेता है. ऐसे में 175 करोड़ रुपये की कथित डील फिल्म के बाजार और शाहरुख खान की इंटरनेशनल लोकप्रियता को लेकर ट्रेड में बड़े भरोसे का इशारा करती है.
यह भी पढ़ें | Ramayana Advance Booking: रिलीज से 5 दिन पहले रामायण ने कमाए इतने करोड़, सेंसर बोर्ड ने दिया U सर्टिफिकेट
400 करोड़ रुपये है निशाने पर
इस बड़ी डील के साथ फिल्म के सामने कमाई की चुनौती भी कम नहीं है. Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी बाजार में इस निवेश की भरपाई के लिए फिल्म को लगभग 48 से 50 मिलियन डॉलर यानी करीब 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करना पड़ सकता है. शाहरुख खान की 'पठान' और 'जवान' ने 2023 में विदेशी बाजारों में शानदार प्रदर्शन किया था. ऐसे में ट्रेड को उम्मीद है कि 'किंग' भी अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई कर सकती है. लेकिन इस बार मुकाबला आसान नहीं होगा. क्रिसमस के मौके पर हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों के साथ भी इसकी टक्कर हो सकती है.
शाहरुख के साथ नजर आएंगी सुहाना खान
'किंग' की एक और खास बात इसकी स्टारकास्ट है. फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी. यह सुहाना की सिनेमाघरों में पहली फिल्म होगी. इससे पहले वह नेटफ्लिक्स फिल्म 'द आर्चीज' में नजर आ चुकी हैं. फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और राघव जुयाल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
‘पठान' के बाद सिद्धार्थ आनंद के साथ शाहरुख खान की यह एक और बड़ी फिल्म है. 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अब सवाल यही है कि क्या शाहरुख खान अपनी पिछली फिल्मों की तरह एक बार फिर विदेशों में बॉक्स ऑफिस के सारे समीकरण बदल पाएंगे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं