बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजीव कुमार ने अपने अभिनय से ऐसी पहचान बनाई, जिसे आज भी भुलाना मुश्किल है. ‘शोले', ‘आंधी', ‘त्रिशूल', ‘कोशिश' और ‘मौसम' जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों ने दर्शकों के दिल में खास जगह बनाई. हालांकि, संजीव कुमार के करियर की शुरुआत इतनी आसान नहीं थी. एक समय ऐसा भी था जब परिवार की आर्थिक हालत खराब होने के कारण उन्हें हर तरह का काम स्वीकार करना पड़ता था. पत्रकार हनीफ जवेरी ने एक बातचीत में उनके संघर्ष के दिनों से जुड़े कई ऐसे किस्से बताए, जो बताते हैं कि शोहरत मिलने से पहले संजीव कुमार ने कितनी मुश्किलें देखी थीं.
जब C-Grade फिल्मों में भी काम करने को तैयार थे संजीव कुमार
हनीफ जवेरी के मुताबिक, करियर के शुरुआती दौर में संजीव कुमार के पास सिर्फ दो जोड़ी कपड़े थे. उनकी मां परिवार के आर्थिक संकट से जूझ रही थीं और उनके पिता का कारोबार भी मुश्किल दौर से गुजर रहा था. ऐसे में संजीव कुमार को जो भी काम मिलता, वह कर लेते थे. उन्हें इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि जिन फिल्मों में वह काम कर रहे हैं, उनमें से कुछ C-Grade फिल्में थीं. उस वक्त उनके लिए काम मिलना ही सबसे बड़ी जरूरत थी.
दोस्तों को दिए 96 लाख रुपये, वापस नहीं मांगे
समय के साथ संजीव कुमार ने खूब पैसा और नाम कमाया, लेकिन उनकी दरियादिली भी उतनी ही मशहूर थी. हनीफ जवेरी ने बताया कि अभिनेता ने दोस्तों को करीब 96 लाख रुपये उधार दिए, लेकिन इनमें से ज्यादातर पैसे उन्हें वापस नहीं मिले. उन्होंने अपने ड्राइवर की शादी का खर्च भी उठाया और एक दोस्त को कार तक गिफ्ट की. इतना ही नहीं, अपनी वसीयत में उन्होंने ड्राइवर के बेटे की पढ़ाई के लिए दो लाख रुपये अलग रखे थे.

हनीफ ने यह भी बताया कि जब शत्रुघ्न सिन्हा को पैसों की जरूरत थी, तो संजीव कुमार ने बिना मांगे उनकी मदद की और करीब 5-7 लाख रुपये दिए. बोनी कपूर को भी उन्होंने बिना किसी कागजी कार्रवाई के पैसे दिए थे. संजीव कुमार के निधन के बाद बोनी कपूर ने यह रकम उनके परिवार को लौटा दी.
इस वजह से नहीं की सुलक्षणा पंडित से शादी
संजीव कुमार की निजी जिंदगी भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही. हेमा मालिनी और नूतन के साथ रिश्ते की चर्चा के बाद वह सुलक्षणा पंडित के करीब आए, लेकिन दोनों की शादी नहीं हो सकी. हनीफ जवेरी के मुताबिक, संजीव कुमार को अपनी जिंदगी छोटी होने का डर था. उन्हें लगता था कि उनके परिवार के पुरुष 50 साल की उम्र से पहले ही गुजर गए और उनके साथ भी ऐसा हो सकता है. दो हार्ट अटैक झेल चुके संजीव कुमार नहीं चाहते थे कि शादी के बाद उनके साथ कुछ हो और उनकी पत्नी की जिंदगी खराब हो जाए. इसी वजह से उन्होंने सुलक्षणा से शादी नहीं की. संजीव कुमार का 6 नवंबर 1985 को निधन हुआ. संयोग से सुलक्षणा पंडित का भी 6 नवंबर 2025 को निधन हुआ.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं