आम लोगों की तरह फिल्मी सितारों के लिए भी होली का त्योहार बेहद खास होता है. हर साल सितारों की रंगों में रंगी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होती हैं. लेकिन 80 के दशक में राज कपूर के आरके स्टूडियो की होली पार्टी को एक ऐतिहासिक होली माना जाता था. उनकी इस पार्टी से जुड़ी कई यादें आज भी जिंदा हैं. राज कपूर की होली पार्टी को याद कर आम लोगों की भी बॉलीवुड स्टाइल में होली खेलने की रुचि बढ़ जाएगी. ग्रेट शोमैन राज कपूर ने अपनी होली पार्टियों को सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि पूरे इंडस्ट्री का एक बड़ा मिलन-मेला बना दिया था.
ये भी पढ़ें: रामायण मूवी से लीक हुआ रणबीर कपूर का राम लुक, विग देख फैंस ने जताई नाराजगी, याद आई आदिपुरुष
स्टारडम की कोई दीवार नहीं
आरके स्टूडियो राज कपूर का सपना था, जहां उन्होंने 'आवारा', 'श्री 420', 'जिस देश में गंगा बहती है', 'संगम' जैसी क्लासिक फिल्में बनाईं. लेकिन होली के मौके पर यह स्टूडियो एक अलग ही रंगीन दुनिया बन जाता था. राज कपूर हर साल होली पर बड़ी धूमधाम से पार्टी आयोजित करते थे, जिसमें बॉलीवुड के बड़े-बड़े सितारे, निर्देशक, संगीतकार, तकनीशियन और स्टाफ सब शामिल होते थे. यह कोई छोटी-मोटी पार्टी नहीं थी. यह एक ऐसा उत्सव था जहां स्टारडम की कोई दीवार नहीं होती थी. सब रंग में सराबोर होकर एक परिवार की तरह मस्ती करते थे.
पार्टी की खास बातें
स्टूडियो में एक बड़ा पानी का टैंक या पूल तैयार किया जाता था, जिसे गुलाबी या रंग-बिरंगे पानी से भर दिया जाता था. पुरुष सदस्य इसमें छलांग लगाते थे. राज कपूर अक्सर सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर आते थे, जो जल्दी ही रंगों से भर जाता था. यह उनका खास स्टाइल थी. पूरे आरके स्टूडियो में ढोल-नगाड़ों के साथ गाने बजते थे, लोग नाचते थे. फिल्म इंडस्ट्री के लोग बिना किसी भेदभाव के मिलते-जुलते थे. अमिताभ बच्चन, दिलीप कुमार, प्राण, राजेंद्र कुमार, प्रेमनाथ, निरूपा रॉय, शम्मी कपूर, शशि कपूर जैसे दिग्गज मेहमान होते थे.
क्यों बंद हुई आरके स्टूडियो की होली
पार्टी की शुरुआत में शिव पूजा होती थी, फिर रंग खेलना शुरू. इस पार्टी में आमंत्रण मिलना इंडस्ट्री में सेलिब्रिटी स्टेटस माना जाता था. राज कपूर बड़े से छोटे तक सबको बुलाते थे, जिससे बॉलीवुड एक परिवार जैसा लगता था. राज कपूर के निधन (1988) के बाद यह परंपरा धीरे-धीरे कमजोर पड़ गई. रणधीर और ऋषि कपूर ने भी बताया कि बाद में भीड़ इतनी बढ़ गई कि मैनेज करना मुश्किल हो गया
आपको भी मनानी चाहिए राज कपूर जैसी होली
राज कपूर की होली कई मायनों में खास है और आज के समय में भी यह विशेष हैं, क्योंकि उनकी होली पार्टी में प्यार, मोहब्बत, दोस्ती और खास संबंध के अलावा कुछ भी नकारात्मक नहीं दिखता था. उनकी पार्टी में ना कोई छोटा था ना कोई बड़ा. आज के समय में भी होली के त्योहार को राज कपूर की तरह की मनाना चाहिए, जो सालों तक आपकी खास याद बने.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं