विज्ञापन

11 दिनों में साइन की थीं 47 फिल्में, रातोंरात बना सुपरस्टार, फिर गुमनामी में खो गया ये एक्टर

अपनी एक फिल्म से रातोंरात स्टार बने इस एक्टर ने सिर्फ 11 दिनों में 47 फिल्में साइन कर ली थीं. लेकिन बाद में ऐसा दौर आया कि उनका करियर धीरे-धीरे फिल्मी दुनिया से गायब हो गया.

11 दिनों में साइन की थीं 47 फिल्में, रातोंरात बना सुपरस्टार, फिर गुमनामी में खो गया ये एक्टर
47 फिल्में साइन करने के बाद भी नहीं बचा स्टारडम
Social Media

बॉलीवुड में हर साल कई चेहरे आते हैं, लेकिन कुछ सितारे ऐसे होते हैं जो अपनी पहली ही फिल्म से सनसनी मचा देते हैं. 90 के दशक में भी एक ऐसा ही एक्टर आया था, जिसकी एंट्री ने इंडस्ट्री में हलचल मचा दी थी. लड़कियां उसकी दीवानी थीं, डायरेक्टर प्रोड्यूसर उसके साथ फिल्में बनाने के लिए बेताब थे और हर तरफ उसी की चर्चा थी. हालत ये थी कि उसके पास फिल्मों की इतनी भरमार हो गई कि उसने महज 11 दिनों में 47 फिल्में साइन कर डालीं. उस दौर में लोग मानने लगे थे कि ये स्टार आने वाले कई सालों तक बॉलीवुड पर राज करेगा. लेकिन किस्मत का खेल कुछ और ही था. ये स्टार थे राहुल रॉय.

एक फिल्म ने बना दिया था हार्टथ्रोब

राहुल रॉय ने फिल्म 'आशिकी' से बॉलीवुड में कदम रखा था. फिल्म रिलीज हुई और देखते ही देखते बॉक्स ऑफिस पर छा गई. फिल्म के गाने आज भी लोगों की जुबान पर हैं. वहीं राहुल रॉय की मासूम मुस्कान और रोमांटिक अंदाज ने लाखों दिल जीत लिए थे. खासकर लड़कियों के बीच उनका जबरदस्त क्रेज देखने को मिला.

ये भी पढ़ें: 1 घंटा 55 मिनट की इस फिल्म ने जीता दुनिया का दिल, तीन दिन के अंदर 63 देशों में बनी नंबर वन

हर तरफ राहुल रॉय की ही चर्चा थी

'आशिकी' की कामयाबी के बाद राहुल रॉय के पास फिल्मों के ऑफर्स की बाढ़ आ गई. डायरेक्टर प्रोड्यूसर्स उन्हें अपनी फिल्मों में लेने के लिए एक्साइटेड थे. स्टारडम का आलम ऐसा था कि उन्होंने सिर्फ 11 दिनों में 47 फिल्में साइन कर ली थीं. उस वक्त ये खबर पूरे बॉलीवुड में सुर्खियां बन गई थी.

लेकिन किस्मत ने खेल पलट दिया

जिस तेजी से राहुल रॉय स्टार बने थे, उसी तेजी से उनका करियर पटरी से उतरने भी लगा. जिन फिल्मों से बड़ी उम्मीदें थीं, उनमें से कई फिल्में बन ही नहीं पाईं. कुछ बड़े पर्दे तक पहुंचीं भी तो दर्शकों का दिल नहीं जीत सकीं. धीरे-धीरे उनका जादू फीका पड़ने लगा.

47 फिल्में भी नहीं बचा सकीं करियर

47 फिल्में साइन करना किसी भी स्टार के लिए बड़ी बात होती है, लेकिन राहुल रॉय के मामले में ये रिकॉर्ड उनके करियर को नई उड़ान नहीं दे सका. कई प्रोजेक्ट बीच में रुक गए और कई फिल्में फ्लॉप हो गईं. नतीजा ये हुआ कि जिस स्टार के नाम की कभी धूम थी, वही धीरे-धीरे लाइमलाइट से दूर होने लगा.

लोग भी भूलने लगे चेहरा

समय बीतने के साथ राहुल रॉय को बड़े रोल मिलने कम हो गए. बाद में छोटे रोल भी कम होते चले गए. धीरे-धीरे वो फिल्मों से दूर हो गए और इंडस्ट्री में उनकी मौजूदगी लगभग खत्म हो गई. एक दौर में जिनकी तस्वीरें मैगजीन के कवर पर छपती थीं, उन्हें बाद में लोग कम ही याद करने लगे.

बड़े पर्दे से छोटे पर्दे तक का सफर

फिल्मों में काम कम होने के बाद राहुल रॉय ने खुद को पूरी तरह लाइमलाइट से दूर नहीं किया. उन्होंने 'जुनून', 'सपने साजन के', 'फिर तेरी कहानी याद आई' और 'नसीब' जैसी फिल्मों में भी काम किया. बाद में वो रियलिटी शो 'बिग बॉस' के पहले सीजन के विजेता भी बने थे. हालांकि उन्हें दोबारा वैसा स्टारडम नहीं मिल सका, जैसा 'आशिकी' के बाद मिला था. फिर भी राहुल रॉय का नाम आज भी 90 के दशक के उन सितारों में लिया जाता है, जिन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से जबरदस्त पहचान बनाई थी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Roy, Aashiqui, Aashiqui Movie, Bollywood, Entertaiment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com