पूनम ढिल्लों, जो एक्ट्रेस और CINTAA की प्रेसिडेंट हैं. उन्होंने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) में कमेटी से इस्तीफ़े, CAWT को लेकर असहमति और पदाधिकारियों पर लगे आरोपों पर रिएक्शन दिया है. ANI से बात करते हुए एक्ट्रेस ने बताया कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब कुछ लोग कानूनी कार्यवाही के जरिए मनचाहा नतीजा हासिल नहीं कर पाए. उन्होंने कहा कि उन पर और एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे पर लगाए गए आरोप बेहद आपत्तिजनक थे, लेकिन उन्होंने पहले कोई जवाब न देने का फैसला किया था.
पूनम ढिल्लों ने दिया रिएक्शन
एएनआई को दिए इंटरव्यू में पूनम ढिल्लों ने कहा, "असल में बात यह थी कि चीजें उनके मन-मुताबिक नहीं हो रही थीं. वे CAWT के जरिए CINTAA के सदस्यों पर कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे थे, और जब ऐसा नहीं हुआ तो उन्होंने हम पर अजीब और गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए. आप यकीन नहीं करेंगे कि वो आरोप कितने भद्दे थे. वे इतने आपत्तिजनक थे कि अगर हम चाहते तो इसमें शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने के बारे में सोच सकते थे. ऐसे आरोप दुख पहुंचाने वाली बातें और आपत्तिजनक भाषा बड़े पैमाने पर फैलाई गई थी.
ये भी पढे़ं- CINTAA के 11 सदस्यों में इस्तीफा देने वालों में हैं एक्टर मुकेश ऋषि, कारण बताते हुए कहा- कई ऐसी बातें सामने आने लगीं
आगे उन्होंने कहा, "मेरे हिसाब से उनके दो-तीन ऐसे लोग थे, जो पैसे लेकर इस तरह की बातें करते थे. उनमें से एक-दो लोग CINTAA के सदस्य भी थे और उन्होंने बहुत ही गलत और दुख पहुंचाने वाली बातें कहीं. फिर भी हमने चुप रहना ही ठीक समझा. लेकिन मैं बस एक बात कहूंगी कि मेरा आत्म-सम्मान और मेरी ईमानदारी मेरे लिए बहुत जरूरी है. हमने इतने सालों में जो कुछ भी कमाया है वह एक-दो साल में नहीं कमाया. हमने दशकों तक अपने व्यवहार, अपनी गरिमा, अपनी मौजूदगी और लोगों के साथ अपने बर्ताव और बातचीत के जरिए अपनी साख और आत्म-सम्मान बनाया है. "
पूनम ढिल्लों ने कहा- हम आत्म-सम्मान से समझौता नहीं होने देंगे
पूनम ढिल्लों ने आगे कहा, "हम आत्म-सम्मान से समझौता नहीं होने देंगे. बिना किसी का नाम लिए मैं यह कहना चाहती हूं कि CAWT ने हमारे साथ जैसा व्यवहार किया है, उससे हम खुश नहीं हैं और जब कुछ सदस्यों ने इस तरह इस्तीफा दिया तो अंत में नुकसान CINTAA के सदस्यों का ही हुआ. यह बहुत दुख की बात है कि लोगों की सोच इतनी छोटी हो गई थी कि उनकी चिंताएं इस बात पर थीं कि उनकी फोटो क्यों नहीं छपी या उन्हें अहमियत क्यों नहीं दी गई. यही बातें उन्हें परेशान कर रही थीं. पूनम ढिल्लों और पद्मिनी कोल्हापुरे को क्यों आगे लाया जा रहा था? ऐसा क्यों हो रहा था? वजह साफ है- हम काम कर रहे हैं. हम अपने निजी संपर्कों और रिश्तों का इस्तेमाल करके CINTAA के लिए कुछ अच्छा करना चाहते हैं."
वीडियो शेयर कर कही थी ये बात
इससे पहले अफवाहों पर रिएक्शन देते हुए पूनम ढिल्लों ने कहा, हम लोग इंडस्ट्री में 42 साल से हैं. कोई 45 साल से है, कोई 48 साल से इंडस्ट्री का हिस्सा है. क्या आपको सच में लगता है कि इतने सालों के बाद हम लोग इस तरह की बेवफाई करेंगे? मैं आपसे एक बहुत पर्सनल बात शेयर करना चाहती हूं. पिछले एक डेढ साल में कई बार मेरा मन हुआ कि मैं सिनटा की ईसी छोड़कर चली जाऊं. क्योंकि इन लोगों ने हमारी लाइफ इतनी मुश्किल बना दी थी. हर एक चीज के खिलाफ होना. हर कदम के खिलाफ होना. और उसके बाहर मैसेज भेजकर हमारी बेइज्जती करवाना. व्हॉट्सएपस पर इतने गंदे और अपमानजनक मैसेज और वॉइस मैसेज कुछ मेंबर के जरिए सर्कुलेट किए गए. आप में बहुत लोग जानते हैं. शायद आपने वो मैसेज देखें भी हैं और सुने भी हैं. तो अगर आपको वो सब देखकर और सुनकर तकलीफ हुई है तो आप सोचिए हमें कितना बुरा लगा होगा. मैं इंडस्ट्री में 45 साल से हूं. इतने सालों में मैंने अपनी इज्जत कमाई है. अपना नाम बनाया है. बाकी सारी चीजें ठीक हैं. लेकिन इज्जत मेरे लिए बहुत जरुरी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं