अगर आपको लगता है कि सिर्फ बड़े बजट की फिल्में ही बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच सकती हैं, तो हॉरर थ्रिलर 'Obsession' आपकी ये सोच बदल सकती है. करीब 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 3000 करोड़ रुपये की कमाई कर हर किसी को हैरान कर दिया. थिएटर में अपनी डरावनी कहानी, सस्पेंस और चौंकाने वाले ट्विस्ट से दर्शकों का दिल जीतने के बाद अब ये फिल्म OTT रिलीज को लेकर चर्चा में है. सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार यही जानना चाहते हैं कि आखिर ये फिल्म कब और किस प्लेटफॉर्म पर देखने को मिलेगी. अगर आप भी हॉरर फिल्मों के शौकीन हैं, तो ये अपडेट आपके लिए है.
कब और किस प्लेटफॉर्म पर आएगी फिल्म
थिएटर में शानदार प्रदर्शन के बाद अब 'Obsession' की OTT रिलीज को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म सबसे पहले अमेरिका में Peacock पर स्ट्रीम की जाएगी. इसके बाद इसे दूसरे देशों में अलग-अलग OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा सकता है. Amazon Prime Video पर भी इसके आने की चर्चा है, लेकिन अभी तक मेकर्स ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. Decider और Focus Features जैसे अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल फिल्म की OTT रिलीज डेट और प्लेटफॉर्म को लेकर आधिकारिक ऐलान का इंतजार है.
कहानी में है प्यार, जुनून और खौफ
फिल्म की कहानी बैरन नाम के एक युवक की है, जो चाहता है कि उसकी दोस्त निक्की उससे प्यार करने लगे. तभी उसे एक रहस्यमयी खिलौना मिलता है, जिसके बारे में कहा जाता है कि वो किसी भी इच्छा को पूरा कर सकता है. बैरन अपनी सबसे बड़ी ख्वाहिश मांग लेता है, लेकिन उसकी ये इच्छा पूरी होने के बाद सब कुछ बदल जाता है. प्यार धीरे-धीरे खतरनाक जुनून में बदल जाता है और फिर शुरू होता है डर, रहस्य और खून-खराबे का ऐसा खेल, जो आखिर तक दर्शकों को बांधे रखता है.
कम बजट में मिली बड़ी कामयाबी
फिल्म का निर्देशन करी बार्कर ने किया है. इसमें माइकल जॉनस्टन और इंडे नवारेट मुख्य भूमिका में नजर आए हैं. कम बजट में बनी इस फिल्म ने उम्मीद से कहीं ज्यादा कमाई कर इंडस्ट्री को चौंका दिया. अब थिएटर के बाद इसकी OTT रिलीज का इंतजार भी तेजी से बढ़ रहा है. देखना दिलचस्प होगा कि छोटे पर्दे पर भी ये फिल्म दर्शकों को उतना ही डराने और रोमांचित करने में सफल होती है या नहीं.
ये भी पढ़ें- क्योंकि सास भी कभी बहू थी में तुलसी ने किसका किया कत्ल, जिसके लिए जेल में बिताए 10 साल, मिहिर ने छोड़ा साथ?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं