मलयालम सिंगर और एक्ट्रेस रिमी टॉमी फिर से शादी करने जा रही हैं. यूट्यूब वीडियो की एक सीरीज में उन्होंने बताया कि अपने तलाक के सात साल बाद वह जल्द ही दूसरी बार शादी के बंधन में बंधने वाली हैं. अपने बॉयफ्रेंड के बारे में बताते हुए रिमी ने कहा कि वह 'कोई एक्टर या करोड़पति नहीं' हैं, बल्कि मुंबई के रहने वाले एक फिटनेस ट्रेनर हैं, जिनका नाम लिबिन मैथ्यू है. उन्होंने नवंबर में होने वाली अपनी शादी का कार्ड भी दिखाया.
यह भी पढ़ें- सलमान खान ने शाहरुख खान को जन्मदिन पर दी बधाई, किंग खान का खुलासा, शर्टलेस बॉडी के लिए दबंग से ली थी सलाह
रिमी टॉमी ने दोबारा शादी करने के बारे में बात की
अपने यूट्यूब चैनल पर रिमी ने बताया कि उनके पास अपने फैंस के साथ शेयर करने के लिए एक ऐसी खबर है, जिससे उन्हें खुशी मिलेगी. उन्होंने कहा, "मेरी जिंदगी में कोई आया है. वह कोई एक्टर, सिंगर, मशहूर हस्ती या करोड़पति नहीं है." यह कहते हुए कि जीवनसाथी को जल्दबाजी में नहीं चुना जाता, उन्होंने अपने फैंस को भरोसा दिलाया कि लिबिन ही उनके लिए सही इंसान हैं. रिमी ने कहा, "बात पैसे या शोहरत की नहीं है. मुझे बस ऐसा इंसान चाहिए जो मेरी परवाह करे और मुझे मानसिक शांति दे." रिमी ने मुंबई में रहने वाले मलयाली बॉडीबिल्डर और फिटनेस ट्रेनर लिबिन के बारे में बताया कि वह उनके कोच भी रह चुके हैं. उन्होंने कहा, "हमारी पहली बार फोन पर बात 10 मार्च को हुई थी. फिर 14 मार्च को हमने इंस्टाग्राम पर एक साथ ली गई फोटो पोस्ट की. उसी दिन हम पहली बार आमने-सामने मिले थे. हम पहले ही एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे." उन्होंने आगे कहा, "सच तो यह है कि हमने तुरंत शादी करने का फैसला कर लिया था. क्या ऐसा नहीं होता कि कुछ लोगों से मिलते ही आपको एक खास जुड़ाव महसूस होने लगता है?" रिमी ने बताया कि उनकी शादी डोंबिवली के एक छोटे से चर्च में होगी, जिसमें एक सादे समारोह के दौरान उनके करीबी लोग मौजूद रहेंगे.
रिमी टॉमी की पहली शादी
रिमी ने 27 अप्रैल 2008 को त्रिशूर के लूर्डे कैथेड्रल में बिजनेसमैन रॉयस किझाकुडन से शादी की थी. कपल ने शादी के 11 साल बाद, 2019 में आपसी सहमति से तलाक के लिए अर्जी दी थी. दूसरी शादी की खबर देते समय कुछ लोगों ने उनके पूर्व पति का जिक्र किया और उनकी तस्वीर शेयर किया. इस पर गायिका ने कहा, “मैंने अपने पूर्व पति की तस्वीर वाली कई पोस्ट देखीं. उन्हें अकेला छोड़ दें. यह फैसला हमने मिलकर लिया था. उन्हें मुझसे बेहतर साथी मिल गया है और वे खुशी-खुशी रह रहे हैं. आप उनकी तस्वीर क्यों लगा रहे हैं?”
रिमी ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन पर म्यूजिक प्रोग्राम्स की एंकर के तौर पर की थी. उन्होंने 2002 की फिल्म 'मीसा माधवन' के लिए अपना पहला गाना 'चिंगमासम वन्नु चेरन्नल' रिकॉर्ड किया था. उन्होंने 2013 की फिल्म '5 सुंदरिकल' (निर्देशक: आशिक अबू) से एक अभिनेत्री के रूप में शुरुआत की. फिलहाल वह 'फ्लावर्स टॉप सिंगर' में जज हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं