विज्ञापन

कुमार सानू का वो सुपरहिट गाना, जो आज भी हर प्रेमी की लिस्ट में रहता है नंबर वन, 35 साल बाद गाकर जीता प्रेमानंद महाराज का भी दिल

आश्रम में पहुंचने पर एक शिष्य ने कुमार सानू का परिचय देते हुए बताया कि उन्होंने अपने लंबे करियर में 27 हजार से अधिक गाने रिकॉर्ड किए हैं. इसके बाद कुमार सानू ने बेहद विनम्र अंदाज में प्रेमानंद महाराज के सामने फिल्म जुर्म का मशहूर गीत सुनाया.

कुमार सानू का वो सुपरहिट गाना, जो आज भी हर प्रेमी की लिस्ट में रहता है नंबर वन, 35 साल बाद गाकर जीता प्रेमानंद महाराज का भी दिल
35 साल बाद कुमार सानू ने प्रेमानंद महाराज के सामने गाया ये गाना

वृंदावन स्थित प्रेमानंद महाराज के आश्रम में हर दिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. यहां आम लोगों के अलावा फिल्म, खेल और अन्य क्षेत्रों की कई मशहूर हस्तियां भी समय-समय पर आशीर्वाद लेने आती रही हैं. विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के बाद अब बॉलीवुड के दिग्गज पार्श्व गायक कुमार सानू का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह प्रेमानंद महाराज के सामने अपनी मधुर आवाज में अपना सदाबहार गीत गाते नजर आते हैं, जिसे लोग एक बार फिर खूब पसंद कर रहे हैं.

प्रेमानंद महाराज के सामने सुनाया अपना यादगार गीत

आश्रम पहुंचने पर एक शिष्य ने प्रेमानंद महाराज को कुमार सानू का परिचय देते हुए बताया कि उन्होंने अपने करियर में 27 हजार से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए हैं. इसके बाद कुमार सानू ने बड़े ही विनम्र भाव से फिल्म ‘जुर्म' का मशहूर गीत ‘जब कोई बात बिगड़ जाए' गाया. उनकी प्रस्तुति के दौरान प्रेमानंद महाराज पूरे ध्यान से गीत सुनते रहे. गाना खत्म होने पर कुमार सानू ने हाथ जोड़कर कहा कि वह केवल महाराज का आशीर्वाद लेने आए हैं, ताकि आगे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने काम को करते रहें. यह भावुक पल अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

35 साल बाद भी लोगों के दिलों में बसा है यह गाना

साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘जुर्म' का ‘जब कोई बात बिगड़ जाए' हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय रोमांटिक गीतों में शामिल है. इसकी धुन को अमेरिकी लोकगीत ‘500 Miles' से प्रेरित माना जाता है, लेकिन भारतीय संगीत और भावपूर्ण बोलों ने इसे एक अलग पहचान दी. इस गीत को कुमार सानू और साधना सरगम ने अपनी आवाज दी थी. इसके बोल इंदीवर ने लिखे थे, जबकि संगीत राजेश रोशन ने तैयार किया था. आज भी यह गीत उतना ही पसंद किया जाता है, जितना रिलीज के समय हुआ था.

विनोद खन्ना और मीनाक्षी शेषाद्री पर फिल्माया गया था गीत

महेश भट्ट के निर्देशन में बनी फिल्म ‘जुर्म' में यह गीत विनोद खन्ना और मीनाक्षी शेषाद्री पर फिल्माया गया था. दोनों कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री ने इस रोमांटिक गाने को और भी खास बना दिया. तीन दशक से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी यह गीत प्यार, विश्वास और साथ निभाने की भावना का प्रतीक माना जाता है. यही वजह है कि यह आज भी पुरानी यादों को ताजा कर देता है और नई पीढ़ी की प्लेलिस्ट में भी अपनी खास जगह बनाए हुए है. ऐसे में प्रेमानंद महाराज के सामने कुमार सानू द्वारा इसी सदाबहार गीत को गाना उनके प्रशंसकों के लिए बेहद यादगार पल बन गया.

यह भी पढ़ें: जिन बच्चों ने बनाया शक्तिमान, उन्हीं पर भड़के मुकेश खन्ना, CJP प्रोटेस्ट पर बोले- 'गंदी नाली के कीड़े, इन्हें बाहर फेंको'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kumar Sanu, Premanand Maharaj, Entertainment, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com