बॉलीवुड अभिनेत्री किरण खेर रविवार को 74वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं. इस खास दिन पर उनके पति और अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर प्यार भरा पोस्ट साझा किया. अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर किरण खेर की कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उनका सादगी भरा अंदाज दिखाई दे रहा है. इन तस्वीरों के साथ कैप्शन में अनुपम खेर ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और शांतिपूर्ण जीवन की कामना की.
उन्होंने लिखा, "मैं आपको लगभग 52 सालों से जानता हूं. इनमें से कई साल मैंने आपके एक फैन के तौर पर बिताए, कई साल दोस्त के रूप में और लगभग 41 साल पति के रूप में. जिंदगी हमें बहुत कुछ सिखाती है, लेकिन कई बार हमें यह एहसास काफी समय बाद होता है कि हमने किसी इंसान से कितना कुछ सीखा है.'' अपने पोस्ट में अनुपम ने आगे लिखा, ''जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो मुझे महसूस होता है कि मैंने आपसे बहुत कुछ सीखा है. आपने मुझे यह सीख किसी शब्दों के जरिए नहीं, बल्कि अपनी जिंदगी के जीने के तरीके के जरिए दी.''
यह भी पढ़ें- कार्तिक आर्यन ने 14 महीने की थी इस फिल्म के लिए कड़ी मेहनत, छोड़ा मीठा, फिर भी बॉक्स ऑफिस पर ठप्प पड़ी थी ये फिल्म
पोस्ट के अनुपम खेर ने किरण खेर की मजबूती, ईमानदारी और दोस्ती की खुलकर तारीफ की. उन्होंने लिखा, "मेरी जिंदगी में होने के लिए, मेरी ताकत बनने, अपनी ईमानदारी, दोस्ती, और बस तुम जैसे हो, उसके लिए शुक्रिया. मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद. हम दोनों मिलकर जन्मदिन को खास मनाएंगे.''
अनुपम खेर और किरण की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. किरण खेर की पहली शादी गौतम बेरी से हुई थी, जिनसे उनके बेटे सिंकदर खेर हैं. दूसरी ओर, अनुपम खेर भी पहले से शादीशुदा थे. हालांकि समय के साथ दोनों अपनी-अपनी वैवाहिक जिंदगी में कठिन दौर से गुजरे. इसी दौरान उनकी दोस्ती गहरी हुई और उन्होंने एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझना शुरू किया. बाद में दोनों ने अपने-अपने पुराने रिश्तों से अलग होकर एक नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया.
आखिरकार 26 अगस्त 1985 को अनुपम खेर और किरण खेर ने शादी कर ली. तब से लेकर आज तक दोनों का रिश्ता बॉलीवुड के सबसे मजबूत रिश्तों में गिना जाता है.
किरण खेर की जिंदगी के 5 बड़े मोड़
किरण की शुरुआती सफर
चंडीगढ़ में जन्मीं किरण खेर ने बॉलीवुड में आने से पहले पंजाबी फिल्मों और थिएटर नाटकों में काम करके थिएटर में अपनी मजबूत नींव रखी.
अनुपम खेर से शादी
गौतम बेरी से अपनी पहली शादी के बाद, उन्होंने 1985 में एक्टर अनुपम खेर से शादी की और बॉलीवुड की सबसे लंबे समय तक साथ रहने वाली जोड़ियों में से एक बनीं.
नेशनल अवॉर्ड के साथ वापसी (2000)
बेटे की परवरिश के लिए कुछ समय का ब्रेक लेने के बाद, उन्होंने बंगाली फिल्म 'बारीवाली' से जबरदस्त वापसी की और बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीता.
यादगार किरदारों और टेलीविजन पर एंट्री (2000)
उन्होंने 'देवदास', 'रंग दे बसंती' और 'हम तुम' जैसी फिल्मों में यादगार किरदार निभाकर एक वर्सेटाइल एक्ट्रेस के तौर पर अपनी पहचान पक्की की. साथ ही 'इंडियाज गॉट टैलेंट' में जज भी बनीं.
राजनीतिक करियर और कैंसर से जंग (2014-अब तक)
वह 2009 में बीजेपी में शामिल हुईं, 2014 में चंडीगढ़ से सांसद चुनी गईं और 2021 में मल्टीपल मायलोमा (कैंसर) से लड़कर और उसे हराकर ज़बरदस्त हिम्मत दिखाई, साथ ही जनसेवा भी जारी रखी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं