एक्ट्रेस और भाजपा सांसद कंगना रनौत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं. वह सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर राय देती रहती हैं. उन्होंने अब बॉलीवुड के सीनियर एक्टर नसीरुद्दीन शाह के खिलाफ बड़ा बयान दिया है. दरअसल नसीरुद्दीन शाह ने पिछले महीने देशभर में हो रहे छात्र प्रदर्शनों पर ए-लिस्ट सेलिब्रिटीज की चुप्पी को लेकर कहा था कि वे तब बोलेंगे जब उनका दिल कहेगा. उन्होंने एक कहावत का जिक्र करते हुए कहा था कि हड्डी मुंह में लेकर कुत्ता भौंक नहीं सकता.
क्या बोलीं कंगना रनौत
अब कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस बयान का जवाब देते हुए एक्टर पीयूष मिश्रा की टिप्पणी को शेयर किया. दरअसल झारखंड में हो रहे छात्र प्रदर्शन में बीते दिनों पीयूष मिश्रा पहुंचे. उन्होंने नसीरुद्दीन शाह का नाम लिए बिना उनपर बयानबाजी से हमला किया. कंगना रनौत ने पीयूष मिश्रा के कमेंट को शेयर करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, 'सच तो यह है कि हर कोई किसी न किसी का कुत्ता है, लेकिन मुझे इस बात का गर्व है कि मैं जिस घर (देश) की रोटी खाती हूं, उसकी रखवाली करती हूं और उसके लिए लड़ती हूं. नसीर साहब खाते तो इस देश के हैं, लेकिन लड़ते पड़ोसी देश के लिए हैं.'

नसीरुद्दीन शाह को बताया लोमड़ी
उन्होंने आगे कहा, 'आज के समय में कुत्ता कहलाना एक तारीफ है क्योंकि वफादारी और प्यार इतना दुर्लभ हो गया है. मैं कुत्ता बनना पसंद करूंगी बजाय नसीरुद्दीन जैसी लोमड़ी के.' कंगना रनौत के इस बयान की काफी चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर उनका पोस्ट जमकर वायरल हो रहा है. यह पहली बार नहीं कंगना रनौत अक्सर राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय देती रहती हैं. फैंस उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया भी देते रहते हैं.
ये भी पढ़ें; शौक के लिए नहीं बल्कि आर्थिक तंगी में एक्टर बने सूर्या, बोले- घर में पैसे की कमी थी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं