विज्ञापन

जापानी लड़की ने ‘नाटू नाटू’ पर किया धमाकेदार डांस, फर्राटेदार हिंदी बोलकर जीता दिल, तालियों से गूंज उठा NDTV का मंच

NDTV के कार्यक्रम में जापान की मायो मुरासाकी ने ‘नाटू नाटू’ पर शानदार डांस और फर्राटेदार हिंदी बोलकर सभी का दिल जीत लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जापानी लड़की ने ‘नाटू नाटू’ पर किया धमाकेदार डांस, फर्राटेदार हिंदी बोलकर जीता दिल, तालियों से गूंज उठा NDTV का मंच
मायो मुरासाकी NDTV के मंच पर

जापान की कंटेंट क्रिएटर और हिंदी प्रेमी मायो मुरासाकी (MayoJapan) ने NDTV के कार्यक्रम 'इंडो-जापान स्ट्रैटेजिक डायलॉग' में अपनी शानदार प्रजेंस से सभी का दिल जीत लिया. गुलाबी साड़ी पहनकर मंच पर पहुंचीं मायो ने सबसे पहले एसएस राजामौली की सुपरहिट फिल्म RRR के ऑस्कर विजेता गाने ‘नाटू नाटू' पर शानदार डांस किया. उनकी ऊर्जा और भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया. डांस के बाद उन्होंने फर्राटेदार हिंदी में अपना परिचय देते हुए कहा, "बहुत-बहुत धन्यवाद। मैं हूं हिंदी बोलने वाली जापानी लड़की. मैंने जापान की ओसाका यूनिवर्सिटी से हिंदी में बीए किया है". उनकी इस बात पर पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा.

फर्राटेदार हिंदी सुनकर दर्शक हुए हैरान

मायो मुरासाकी लंबे समय से भारत, हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति को लेकर वीडियो बनाती रही हैं. सोशल मीडिया पर वह MayoJapan के नाम से काफी लोकप्रिय हैं. NDTV के मंच पर उन्होंने जिस आत्मविश्वास के साथ हिंदी बोली, उसने लोगों को प्रभावित कर दिया. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कई यूजर्स ने उनकी हिंदी की तारीफ करते हुए लिखा कि विदेश में रहकर भी उन्होंने जिस तरह भाषा और संस्कृति को अपनाया है, वह काबिल-ए-तारीफ है. मायो अक्सर भारतीय त्योहारों, बॉलीवुड गानों और हिंदी भाषा से जुड़े वीडियो शेयर करती रहती हैं, जिन्हें लाखों लोग पसंद करते हैं.

‘नाटू नाटू' ने दुनिया भर में दिलाई भारत को पहचान

मायो ने जिस ‘नाटू नाटू' गाने पर डांस किया, वह 2022 में रिलीज हुई फिल्म RRR का सबसे लोकप्रिय गीत है. जूनियर एनटीआर और राम चरण पर फिल्माए गए इस गाने ने दुनियाभर में जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की. साल 2023 में ‘नाटू नाटू' ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग श्रेणी में ऑस्कर जीतकर इतिहास रच दिया. इसके अलावा इस गाने को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड भी मिला था. आज भी यह गाना दुनियाभर के डांस लवर्स के बीच बेहद लोकप्रिय है और विदेशी कंटेंट क्रिएटर्स भी इस पर रील्स और परफॉर्मेंस करते नजर आते हैं. NDTV के कार्यक्रम में मायो की प्रस्तुति ने एक बार फिर दिखा दिया कि भारतीय सिनेमा और हिंदी भाषा की लोकप्रियता अब दुनिया के हर कोने तक पहुंच चुकी है.

यह भी पढ़ें: जब राज कुमार को नहीं पसंद आई गोविंदा की शर्ट, कैंची से काटकर बना लिया था रूमाल, पढ़ें जंग बाज फिल्म का किस्सा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mayo Murasaki, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com