Jailer 2 Box Office Collection Day 3: सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है. 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को लेकर दर्शकों से अच्छा रिस्पांस मिल रहा है. फिल्म ने पहले दिन शानदार शुरुआत की और भारत में 59.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. हालांकि, दूसरे दिन इसकी रफ्तार धीमी हुई और फिल्म 37.10 करोड़ रुपए ही बटोर पाई. अब तीसरे दिन के शुरुआती फिगर सामने आए हैं, जिसमें फिल्म की कमाई में एक बार फिर इजाफा देखने को मिला है. आपको बता दें कि फिल्म का तमिल वर्जन कमाई के मामले में सबसे आगे है. वहीं, तेलुगु और हिंदी भाषाओं में भी इसे दर्शक मिल रहे हैं.
तीसरे दिन कितनी हुई ‘जेलर 2' की कमाई?
Sacnilk के आंकड़ों की मानें तो, ‘जेलर 2' ने पहले दिन भारत में 59.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. दूसरे दिन फिल्म की कमाई घटकर 37.10 करोड़ रुपए रह गई. इस तरह शुरुआती दो दिनों में फिल्म ने कुल 96.80 करोड़ का कारोबार किया. तीसरे दिन, यानी अब तक फिल्म ने 38.94 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. इसमें तमिल वर्जन का योगदान सबसे ज्यादा है. तमिल वर्जन से फिल्म ने अब तक 28.15 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है. तेलुगु वर्जन से 7.26 करोड़ रूपए और हिंदी वर्जन से 3.53 करोड़ रुपये की कमाई हुई है.
इन आंकड़ों को अगर मिला लिया जाए तो भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 135.74 करोड़ रुपए हो गया है, जबकि ग्रॉस कमाई 159.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. हालांकि, तीसरे दिन के आंकड़े अभी शुरुआती हैं. दिन खत्म होने और फाइनल रिपोर्ट आने के बाद इनमें बदलाव भी होगा. अब सब यह जानना चाहते हैं कि फिल्म रविवार को कितना कलेक्शन करती है.
क्या है ‘जेलर 2' की कहानी
‘जेलर 2' साल 2023 में रिलीज हुई रजनीकांत की हिट फिल्म ‘जेलर' का सीक्वल है. इसमें रजनीकांत एक बार फिर टाइगर मुथुवेल पांडियन के रोल में हैं. कहानी एक रिटायर्ड जेलर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी में अपराधियों और पुराने दुश्मनों की वजह से मुश्किलें आती हैं. परिवार की सुरक्षा और दुश्मनों से मुकाबला करने के लिए उसे फिर से एक्शन के मैदान में उतरना पड़ता है. फिल्म में एक्शन के साथ सस्पेंस और कॉमेडी का भी तड़का देखने को मिल रहा है.
नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रजनीकांत के अलावा विद्या बालन, राम्या कृष्णन, एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती और सूरज वेंजारामूडु भी नजर आए हैं. फिल्म का म्यूजिक अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है.
फिल्म की शुरुआती कमाई से साफ है कि रजनीकांत को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सिनेमाघर पहुंच रहे हैं. अब आने वाले दिनों में पता चलेगा कि ‘जेलर 2' की रफ्तार कितनी तेज होती है और यह बॉक्स ऑफिस पर कौन सा नया रिकॉर्ड कायम कर पाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं