विज्ञापन

3 दिसंबर 2027 को रिलीज हो रही इस हॉरर फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ आलिया भट्ट, पहले पार्ट ने 10 करोड़ में कमाए थे 55 करोड़

3 दिसंबर 2027 को हॉरर मूवी तुम्बाड़ 2 रिलीज होने जा रही है. अब इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ ही आलिया भट्ट की भी एंट्री हो गई है.

3 दिसंबर 2027 को रिलीज हो रही इस हॉरर फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ आलिया भट्ट, पहले पार्ट ने 10 करोड़ में कमाए थे 55 करोड़
इस हॉरर मूवी में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ आलिया भट्ट की एंट्री
Instagram
नई दिल्ली:

नवाजुद्दीन सिद्दीकी के 'तुम्बाड 2' से जुड़ने की खबर ने पहले ही खूब सुर्खियां बटोरी थीं. अब फिल्म ने एक और बड़ा कास्टिंग ऐलान कर दिया है. आलिया भट्ट इस सीक्वल का हिस्सा बन गई हैं और वह फिल्म में एक अहम किरदार निभाती नजर आएंगी. 'तुम्बाड' ऐसी फिल्म है, जिसने फोकलोर फैंटेसी जॉनर को एक नई पहचान दी. रिलीज के बाद से इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई. अपनी शानदार वर्ल्ड बिल्डिंग, रहस्यमय कहानी और बेहतरीन विजुअल्स की वजह से इस फिल्म ने सालों में एक अलग ही फैन फॉलोइंग बना ली. इसकी री-रिलीज भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली री-रिलीज बनी, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि यह देश की सबसे पसंदीदा मॉडर्न क्लासिक फिल्मों में से एक है.

'तुम्बाड 2' में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ आलिया भट्ट

अब 'तुम्बाड 2' इस दुनिया को पहले से भी बड़े स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए तैयार है. नवाजुद्दीन सिद्दीकी के फिल्म से जुड़ने की पुष्टि पहले ही हो चुकी है. सोहम उस दुनिया को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसे उन्होंने खुद बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. नवाजुद्दीन अपनी दमदार मौजूदगी लेकर आ रहे हैं और आलिया फ्रेंचाइजी के सबसे अहम नए किरदारों में से एक निभाने जा रही हैं.

आलिया भट्ट ने कहा, 'तुम्बाड पहली बार देखने के बाद से ही मेरे साथ बनी हुई है. बहुत कम फिल्में ऐसी दुनिया बना पाती हैं, जो इतनी अलग और आपको पूरी तरह अपने अंदर खींच ले. और उससे भी कम फिल्में ऐसी होती हैं, जो रिलीज के सालों बाद भी लोगों के दिलों और दिमाग में बनी रहती हैं. यही बात इस मौके को मेरे लिए बेहद खास बनाती है. अब उस दुनिया का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत खास है. मैं सोहम और नवाज के साथ काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं. मैं लंबे समय से इन दोनों कलाकारों की प्रशंसक रही हूं और ऐसे किरदार को निभाने का इंतजार कर रही हूं, जो 'तुम्बाड' जैसी रहस्यमयी और यादगार कहानी का हिस्सा है. मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक वह सब देखें, जो हम मिलकर बना रहे हैं.'

तुम्बाड़ में दिखेगी एक अलग ही कहानी

सोहम शाह ने कहा, 'आलिया भट्ट का 'तुम्बाड 2' से जुड़ना हम सभी के लिए बहुत खुशी की बात है. वह इस पीढ़ी की सबसे प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में से एक हैं और मुझे पूरा यकीन है कि दर्शकों को इस फिल्म में उनका बिल्कुल नया अंदाज देखने को मिलेगा. यह उनके साथ मेरा पहला सहयोग है और मैं उनके साथ काम करने को लेकर सच में उत्साहित हूं.'

निर्माता डॉक्टर जयंतीलाल गडा ने कहा, 'आलिया भट्ट हमारी इंडस्ट्री की बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक हैं और उनका 'तुम्बाड 2' से जुड़ना हमारे लिए बेहद खास है. 'गंगूबाई काठियावाड़ी' और 'आरआरआर' की शानदार सफलता के बाद यह आलिया के साथ हमारा तीसरा सहयोग है, जो इसे और भी खास बनाता है. वह इस फिल्म के लिए बिल्कुल सही पसंद हैं और दर्शक उन्हें ऐसे अंदाज में देखेंगे, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा होगा. उन्होंने इस प्रोजेक्ट के पीछे हमारी सोच को तुरंत समझ लिया था. उनका साथ फिल्म को एक नई ऊंचाई देगा.'

'आरआरआर' और 'गंगूबाई काठियावाड़ी' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का समर्थन कर चुके पेन स्टूडियोज इस फिल्म को बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने के लिए साथ आए हैं. 'तुम्बाड 2' 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tumbbad 2, Bollywood, Entertainment, Alia Bhatt
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com