लगता है हॉरर फिल्मों का दौर फिर से आ गया है. जहां बॉक्स ऑफिस पर कई नई और बड़े सितारों की फिल्में ध्यान खींचने की होड़ में हैं, वहीं विक्रम भट्ट की 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' अपने ओपनिंग वीक में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए रेस में बनी हुई है. ऑब्सेशन की धमाकेदार कमाई के बाद अब ये नई हॉरर फिल्म दर्शकों का ध्यान खींच रही है और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. वहीं हाल में रिलीज हुई बड़े स्टार्स की फिल्में संघर्ष करती दिख रही हैं. ऐसा लग रहा है हॉरर कंटेंट बाकी कंटेट्स के मुकाबले दर्शकों का ज्यादा पसंद आ रहा है.

'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' का कलेक्शन डे 4
12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में अच्छे आंकड़े दर्ज करने के बाद सोमवार को पहली बार बड़ी गिरावट देखी. ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के अनुसार, 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' ने चौथे दिन ₹2.20 करोड़ (नेट) की कमाई की, जो रविवार की ₹3.60 करोड़ की कमाई से लगभग 39% कम है. वीकडेज में गिरावट के बावजूद, इस हॉरर सीक्वल का कुल प्रदर्शन अच्छा रहा है. भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन अब ₹11.55 करोड़ हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन ₹13.60 करोड़ तक पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें- सीएम बनने के बाद भी थलापती विजय को इस एक्टर ने बुलाया 'डार्लिंग', सोशल मीडिया पर लिखा, 'पद बदलता है, इंसान नहीं'
बड़े स्टार्स की फिल्मों को छोड़ा पीछे
ये ताजा आंकड़े तब आए हैं जब फिल्म को 'भारत भाग्य विधाता' और 'मैं वापस आऊंगा' जैसी दूसरी रिलीज फिल्मों से टक्कर मिल रही है. कंगना रनौत की भारत भाग्य विधाता ने पहले दिन 1 करोड़ की कमाई की और अब तक कुछ 5.55 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है. जबकि दिलजीत दोसांझ की फिल्म मैं वापस आउंगा ने पहले दिन 1.65 करोड़ की कमाई की और अब तक 8.30 करोड़ की कमाई की है. इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि रिलीज से पहले सीमित प्रमोशन के बावजूद 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट' का प्रदर्शन काफी अच्छा है. सोमवार को देश भर में फिल्म के लगभग 4,573 शो दिखाए गए, जो भीड़-भाड़ वाले रिलीज कैलेंडर के बावजूद थिएटर में इसकी लगातार मौजूदगी को दर्शाता है.
जैसे-जैसे फिल्म अपने पहले हफ्ते में आगे बढ़ रही है, ट्रेड एनालिस्ट इस बात पर नजर रखेंगे कि क्या यह अपनी रफ्तार बनाए रख पाती है और सोमवार को होने वाली आम गिरावट के बाद स्थिर हो पाती है या नहीं. विक्रम भट्ट द्वारा निर्देशित 'हॉन्टेड 3D: इकोज ऑफ द पास्ट', 2011 की फिल्म 'हॉन्टेड 3D' का अगला भाग है, जो अपने समय की सबसे सफल हॉरर फिल्मों में से एक थी.
फिल्म का बजट
हालांकि मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर प्रोडक्शन कॉस्ट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स बताती हैं कि यह फिल्म लगभग ₹15 करोड़ के अनुमानित बजट में बनी थी. फिल्म की कास्ट में मिथुन चक्रवर्ती के बेटे महाअक्षय चक्रवर्ती मुख्य भूमिका में हैं, साथ ही चेतना पांडे और हेमंत पांडे भी अहम किरदारों में हैं. फिल्म की नेट कमाई पहले ही ₹11 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है, ऐसे में आने वाले दिनों में इसका प्रदर्शन यह तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है कि यह अपने बताए गए बजट की भरपाई कितनी तेजी से करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं