विज्ञापन

गोविंदा ने कराया था शो में 15,000 फैंस को इंतजार, तो स्टेज पर हीरो नंबर वन बनकर पहुंच गए थे ये एक्टर

90 के दशक के सुपरस्टार गोविंदा एक बार 15,000 लोगों के लाइव शो में नहीं पहुंचे थे. म्यूजिक डायरेक्टर अबू मलिक ने खुलासा किया कि कैसे उनके भाई डब्बू मलिक ने गोविंदा का रूप लेकर स्टेज संभाला और हालात को काबू में किया.

गोविंदा ने कराया था शो में 15,000 फैंस को इंतजार, तो स्टेज पर हीरो नंबर वन बनकर पहुंच गए थे ये एक्टर
15000 फैंस इंतजार करते रह गए जब लाइव शो में नहीं पहुंचे गोविंदा

90s के दौर में गोविंदा का स्टारडम ऐसा था कि उनके नाम पर ही शो हाउसफुल हो जाया करते थे. गांव से लेकर शहर तक लोग सिर्फ उनकी एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करने को तैयार रहते थे. लेकिन एक बार कुछ ऐसा हुआ, जिसने करीब 15000 फैंस को मायूस कर दिया. गोविंदा का एक लाइव शो आयोजित किया गया था, जिसके लिए लोग दूर-दूर से पहुंचे थे, हॉल खचाखच भरा हुआ था और हर कोई अपने फेवरेट स्टार का बेसब्री से इंतजार कर रहा था, लेकिन जब वक्त बीतता गया तो माहौल बदलने लगा.

खुद करवाया शो, लेकिन पहुंचे ही नहीं

म्यूजिक डायरेक्टर Abu Malik ने एक इंटरव्यू में इस पुराने किस्से का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि ये शो खुद गोविंदा के कहने पर रखा गया था. इस कार्यक्रम को उनके बहनोई आत्म प्रकाश शर्मा ने आयोजित किया था. उस वक्त गोविंदा अबू मलिक के साथ एक फिल्म में काम कर रहे थे, इसलिए अबू ने बिना फीस लिए इस शो के लिए पूरी टीम तैयार कर दी. डांसर, कोरियोग्राफर और म्यूजिशियन सभी तैयार थे, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी गोविंदा शो में नहीं पहुंचे. जैसे-जैसे समय बीतता गया, दर्शकों का गुस्सा बढ़ने लगा.

ये भी पढ़ें- गोविंदा को इस एक्ट्रेस ने कहा 'सबसे बड़ा सुपरस्टार', बताया हीरो नंबर वन ने दी थी ये सलाह 

डब्बू मलिक बने गोविंदा का सहारा

स्थिति बिगड़ती देख अबू मलिक ने एक अलग ही फैसला लिया. उनके छोटे भाई Daboo Malik की शक्ल काफी हद तक गोविंदा से मिलती थी. उनकी कद-काठी और एक्सप्रेशन भी कुछ-कुछ वैसे ही थे. ऐसे में अबू ने डब्बू से कहा कि वो गोविंदा की तरह कपड़े पहनकर स्टेज पर जाएं और उनके गानों पर डांस करें. डब्बू ने हिम्मत दिखाई और मंच पर पहुंचकर गोविंदा के हिट गानों पर परफॉर्मेंस दी. दर्शकों ने भी शो का आनंद लिया और माहौल शांत हो गया.

आरोप और सफाई का सिलसिला

शो खत्म होते ही टीम तुरंत वहां से निकल गई ताकि कोई हंगामा न हो. बताया जाता है कि ये पहली बार नहीं था जब गोविंदा किसी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे थे. उन पर अक्सर काम में देर से पहुंचने के आरोप लगते रहे हैं. हालांकि एक पुराने इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा था कि वो देर से आने में भरोसा नहीं रखते और सेट पर पूरी तैयारी के साथ ही पहुंचते हैं.

ये भी पढ़ें- गोविंदा ने प्राइवेट स्कूल और इवेंट्स में किया डांस, दीवालिया होने की खबरों पर हीरो नंबर वन की मैनेजर ने कहा- घर गिरवीं हो गया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com