ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री का ऐलान हो गया है, जिसमें धुरंधर को पछाड़कर मराठी फिल्म गोंधल ने बाजी मार ली है. दरअसल, मराठी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक पल सामने तब आया जब निर्देशक संतोष डावखर की मराठी फिल्म 'गोंधल' को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को मुंबई में इसकी आधिकारिक घोषणा की. वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे गर्व का पल बताया और बधाई दी. इतना ही नहीं डायरेक्टर ने भी इस कामयाबी पर रिएक्शन दिया. लेकिन बेहद कम लोग जानते हैं कि गोंधल की कहानी इश्क और धोखे की है.
गोंधल की कहानी
जो लोग नहीं जानते उन्हें बता दें कि गोंधल एक रातभर चलने वाला लोक प्रदर्शन है, जिसमें संगीत, नृत्य और पौराणिक कथाओं का खास मेल दिखता है. वहीं फिल्म की कहानी महाराष्ट्र की पारंपरिक गोंधल रस्म की पृष्ठभूमि पर आधारित है. दरअसल, महाराष्ट्र में एक रात गोंधली कलाकार भिवाबा (किशोर कदम) अपने पोते और साथियों के साथ पाटील परिवार के घर गोंधल करने जाते हैं. यह अनुष्ठान न्यूली मैरिड कपल आनंद (योगेश सोहोनी) और सुमन (इशिता देशमुख) के लिए रखा जाता है. लेकिन सुमन इस शादी से खुश नहीं है क्योंकि वह गोंधली कलाकार साहेबराव (अनुज प्रभु) से प्यार करती है और उससे नई जिंदगी शुरू करना चाहती है. इसके चलते सुमन आनंद के चचेरे भाई सरजेराव (निषाद भोईर) की अपने प्रति दीवानगी और जलन का फायदा उठाती है और सरजेराव को आनंद की हत्या की साजिश में फंसाती है. ताकि सरजेराव को दोषी ठहराया जाए और वह साहेबराव के साथ भाग सके.
गोंधल का कलेक्शन
गोंधल 14 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभु अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म का बजट 4 करोड़ का बताया गया है. लेकिन भारत में गोंधल ने सिर्फ 84 लाख का नेट कलेक्शन हासिल किया है. यह बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित नहीं थी. लेकिन ऑस्कर में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली फिल्मों की लिस्ट में बाजी मार ली.
गोंधल में क्या है खास
IMdb पर जहां गोंधल को 8.9 रेटिंग मिली है तो वहीं यह भारतीय सिनेमा में पहली बार 25 मिनट का वन-टेक सीन देने वाली फिल्म है. खास बात यह है कि फिल्म का टीजर कांतारा चैप्टर 1 के साथ कुछ चुनिंदा थियेटरों में दिखाया गया था, जिसके चलते फिल्म को इतना अच्छा रिस्पॉन्स बॉक्स ऑफिस पर नहीं मिला.
गोंधल को मिल रही बधाईयां
सीएमओ महाराष्ट्र के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा गया, "मराठी सिनेमा के लिए गर्व का पल! डायरेक्टर संतोष डावखर की मराठी फिल्म 'गोंधल' को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया की सिलेक्शन कमिटी ने 33 फिल्मों में से 'गोंधल' को चुना. महाराष्ट्र की समृद्ध लोक परंपराओं और संस्कृति से जुड़ी यह फिल्म अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेगी. 'गोंधल' की पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई! महाराष्ट्र की मिट्टी से जुड़ी यह कहानी वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयां छुए - हमारी यही शुभकामना है!"
33 फिल्मों में चुनी गई गोंधल
मराठी भाषा की फिल्म 'गोंधल' को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है. इस साल भारत की ओर से ऑस्कर एंट्री के लिए कुल 33 फिल्मों के बीच कड़ा मुकाबला था. इस रेस में दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा', 'बॉर्डर 2', रणवीर सिंह की 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी, 'डुग डुग', 'हक', 'भमरदो', '120 बहादुर', 'सिंग गीतम', 'तेरा मेरा नाता', 'लड्डू', 'ओह माय डॉग', 'बलान द बॉय', 'पेड्डी', 'इरुमुडी', 'खूंटा', 'गांधी टॉक्स', 'बाइसन कलामादन', 'शेप ऑफ मोमो', 'गवर्नर', '2020 दिल्ली', 'कमांडो विन लव स्टोरी', 'प्रवास' और 'इक्कीस' जैसी चर्चित फिल्में शामिल थीं. जूरी ने इन सभी को पछाड़ते हुए 'गोंधल' को चुना.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं